फतेहाबाद। गांव बीसला निवासी संदीप बिश्नोई ने सदर थाना में शिकायत देकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप हिसार के गांव किनाला निवासी श्रवण पर लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी श्रवण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले सदर पुलिस ने 7 जनवरी 2024 को गांव किनाला निवासी श्रवण की शिकायत पर आरोपी संदीप के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी व तोड़फोड़ करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। बता दें कि शिकायतकर्ता संदीप विधायक दुड़ाराम का करीबी माना जाता है।
पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद के गांव बीसला निवासी संदीप ने बताया कि वह वकालत का काम करता है। 26 नवंबर 2023 को गांव किनाला निवासी श्रवण के मोबाइल नंबर से फोन आया और गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने कहा कि एसपी को कह दे या तू एमएलए को कह दे, तुझे जान से मारूंगा। आरोप है कि इसके बाद दोबारा 3 जनवरी 2024 को घर पर मदन उर्फ श्रवण व एक अन्य व्यक्ति के साथ आकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद 6 जनवरी 2024 को घर आकर गाड़ी ऊपर चढ़ाकर मारने की कोशिश की व चोट मारी। इसको लेकर वह अस्पताल में भी दाखिल हुआ था। आरोप है कि 20 जनवरी 2024 को भी आरोपी ने पिता राजेंद्र व शेखर के सामने जान से मारने की धमकी दी। वहीं पुलिस ने फिलहाल जांच के बाद आरोपी श्रवण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोट
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की डीएसपी जांच कर रहे हैं। एक पक्ष की शिकायत पर पहले मामला दर्ज हो चुका है।
- सतीश कुमार, सदर थाना प्रभारी