फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के करीबी संदीप बिश्नोई को धमकी मिली है। संदीप का आरोप है कि आरोपी ने कहा कि एसपी को कह दे या तू एमएलए को कह दे। तुझे जान से मारूंगा। पीड़ित ने धमकी देने का आरोपी हिसार के व्यक्ति पर लगाया है।
फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के करीबी गांव बिसला निवासी संदीप बिश्नोई ने सदर थाना पुलिस को शिकायत देकर हिसार जिले के गांव किनाला निवासी श्रवण के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी श्रवण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले सदर थाना पुलिस ने पिछले महीने 7 जनवरी को किनाला निवासी श्रवण की शिकायत पर आरोपी संदीप के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी व तोड़फोड़ करने के आरोप में केस दर्ज किया था।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में गांव बिसला निवासी संदीप ने बताया कि वह वकालत का काम करता है। 26 नवंबर 2023 को गांव किनाला निवासी श्रवण के मोबाइल नंबर से फोन आया और गोली मारकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने कहा कि एसपी को कह दे या तू एमएलए को कह दे। तुझे जान से मारूंगा।
आरोप है कि इसके बाद दोबारा 3 जनवरी 2024 को घर पर मदन उर्फ श्रवण व एक अन्य व्यक्ति के साथ आकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद 6 जनवरी 2024 को घर आकर गाड़ी ऊपर चढ़ाकर मारने की कोशिश की व चोट मारी। इसको लेकर वह अस्पताल में भी दाखिल हुआ था। आरोप है कि 20 जनवरी 2024 को भी आरोपी ने पिता राजेंद्र व शेखर के सामने जान से मारने की धमकी दी। वहीं पुलिस ने फिलहाल जांच के बाद आरोपी श्रवण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।