दूसरी ओर शहर के मुख्य बाजार थाना रोड पर जाम की स्थिति रही। दुकानदार ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए मेहनत करते दिखे। अनुमान के अनुसार सोमवार को फतेहाबाद में लगभग छह करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
दिवाली से पूर्व धनतेरस का दिन बर्तन व ज्वेलरी की खरीदारी के लिए शुभ माना जाता है। किसी को जरूरत हो या न लेकिन इस दिन बर्तन व ज्वेलरी की शॉपिंग जरूर की जाती है।
इसी परंपरा को कायम रखते हुए शहरवासियों ने जमकर खरीदारी की। जिससे बाजारों में चहल पहल देखते ही बन रही थी। फतेहाबाद में बर्तन की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई।
थाना रोड पर श्रीराम बर्तन भंडार के संचालक विनोद तनेजा के अनुसार धनतेरस के दिन बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई है। स्टील के भगवान की प्रतिमा जोत से लेकर नॉन स्टिक की तरफ लोगों का रुझान ज्यादा रहा।
लगभग सभी बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों का जमघट लगा रहा।
सोने की गिरावट का जमकर उठाया फायदा
अनाजमंडी के पीछे स्थित विशाल ज्वैलर्स, थाना रोड पर मौसूण ज्वैलर्स, पुरानी तहसील रोड स्थित कपूर ज्वैलर्स, जवाहर चौक कुलदीप ज्वैलर्स पर ग्राहकों खासकर महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई।
विशाल ज्वैसर्स के साहिल असीजा, मौसूण ज्वैलर्स के कृष्ण सोनी व कुलदीप ज्वैलर्स के बंटी सहदेवड़ा ने बताया कि इस बार लोग चांदी के सिक्के, चांदी की लक्ष्मी की मूर्ति से लेकर स्वयं के गहनों को तवज्जो दे रहे हैं।
इसी कारण इन चीजों की जमकर खरीदारी की गई है। पिछले तीन वर्षों की तुलना में इस बार दिवाली पर सोना सस्ता है। इसलिए लोग सोने के गहनों की भी मांग ज्यादा कर रहे हैं।
वाहनों के शोरूम पर बरसा धन
फतेहाबाद में मारुति, टोयाटा, हुंडई के शोरूम पर लग्जरी गाड़ियों की जमकर बिक्री हुई। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी सैकड़ों में हुई। अभी तक खाली बैठे फाइनेंसर के यहां फाइनेंस के लिए काफी संख्या में लोग जुटे।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आया बूम
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर रंगबिरंगी लड़ियां, गीजर, फ्रिज, हीटर, वाशिंग मशीन की अच्छी सेल रही। विशाल टीवी केयर के संचालक भीम असीजा ने बताया कि पहले उन्हें लग रहा था कि मंदी रहेगी लेकिन धनतेरस पर लोगों ने खूब खरीदारी की।
इसी तरह गारमेंट्स व गिफ्ट की दुकानों पर भी उम्मीद से ज्यादा भीड़ रही। अनुमान के अनुसार फतेहाबाद में सोमवार को चार करोड़ रुपये का सोना चांदी, एक करोड़ के बर्तन व एक करोड़ का ही इलेक्ट्रॉनिक्स व गिफ्ट आइटम का कारोबार हुआ।
पुलिस ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
धनतेरस पर शहर में जमकर भीड़ उमड़ी जिसे काबू करने के लिए शहर पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था संभालनी पड़ी। थाना रोड तथा जवाहर चौक में बेरिगेट्स लगाकर बड़े वाहनों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई।
शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार तथा ट्रैफिक एसएचओ रिछपाल सिंह खुद व्यवस्था संभाले हुए थे।