फतेहाबाद में पुलवामा शहीदों की याद में रक्तदान कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित करते डॉ. विरेन्द्र
फतेहाबाद। पुलवामा के वीर शहीदों की याद में भारत की जनवादी नौजवान सभा ने मॉडल टाउन स्थित चिल्ड्रन पार्क में तीसरे रक्तदान शिविर लगाया। इसमें शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. विरेंद्र सिवाच ने रक्तदान कर रहे युवाओं को प्रोत्साहित किया। जिला प्रधान संदीप जांगड़ा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में रक्तदान को लेकर युवाओं में काफी उत्साह नजर आया।
नौजवान सभा के जिला सचिव शाहनवाज एडवोकेट ने बताया कि जिला रेडक्राॅस सोसायटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, हालांकि काफी युवाओं ने रक्तदान को लेकर रजिस्ट्रेशन करवाया था। शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए डॉ. विरेन्द्र सिवाच ने कहा कि रक्तदान से बड़ा दुनिया में कोई दान नहीं है। इसके माध्यम से कई जिंदगी बचाई जा सकती हैं। लोगों को 3 महीने में एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए। साथ ही अपने दोस्तों, संबंधियों को भी रक्तदान के लिए जागरूक करना चाहिए, जिससे किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल सके। डॉ. सिवाच ने पुलवामा शहीदों को याद करते हुए कहा कि हमें शहीदों को कभी भूलना नहीं चाहिए। इस अवसर पर पार्षद मोहन लाल नारंग, समाजसेवी विनोद कक्कड़, राजीव सेतिया, दुष्यंत शर्मा, रवि बाना, चंद्रभान वधवा, संजीव गेरा आदि मौजूद रहे।