हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट की टीम ने तलवाड़ा के पास हिसार निवासी एक युवक को 23 किलो 700 ग्राम गांजे सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा हिसार के एक व्यक्ति से खरीदा है। इस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
बता दें कि तलवाड़ा रोड पर पेट्रोल पंप के पास एक युवक सड़क किनारे प्लास्टिक का थैला लेकर जा रहा था। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक सड़क से हटकर कच्चे रास्ते पर जाने लगा। शक होने पर तलाशी लेने पर युवक के पास थैले में 23 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। आरोपी की पहचान हिसार के आदर्श नगर निवासी धनीराम के रूप में हुई है। धनीराम के अनुसार यह गांजा उसने हिसार के आदमपुर क्षेत्र के गांव बगला निवासी रामफल से खरीदा है। जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने धनीराम व रामफल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी धनीराम को कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया है।