फतेहाबाद। शहर के मातूराम कॉलोनी में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी से मारपीट कर चाकू दिखाकर 15 हजार रुपये की नकदी छीन ली। घायल को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मामले में पुलिस ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी केवल कृष्ण के ब्यान पर आरोपी मातूराम कॉलोनी निवासी रोहित, रितिक, अमन और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ छीना छपटी, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। वहीं आरोप है कि आरोपी युवकों ने हफ्ता वसूली के लिए घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर के मातूराम कालोनी निवासी केवल कृष्ण ने बताया कि वह पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त है। उसने अपने घर के बाहर बने कमरे में ही जरनल स्टोर का काम करता है, उसके साथ उसका बेटा आकाशदीप भी काम करता है, 22 नवंबर की रात को मातूराम कॉलोनी निवासी रोहित, रितिक, अमन व दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए, दो युवकों ने बीड़ी मांगी। जब रुपये मांगे तो देने से मना कर दिया, आरोपी युवकों ने हफ्ता वसूली करते हुए धमकी दी कि अगर दुकान करनी है तो हर हफ्ता देना होगा। जिससे विवाद बढ़ गया। युवकों ने उस पर व बेटे आकाशदीप पर हमला कर दिया और पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने चाकू निकालकर आकाशदीप के जेब से 15 हजार रुपये छीन लिए। जब विरोध किया तो मारपीट की। पीड़ितों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जिससे आरोपी युवक घटना स्थल से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।