फतेहाबाद/भूना। गांव बैजलपुर के एक युवक ने फेसबुक पर सस्ती कार का विज्ञापन देखकर उसे खरीदने के चक्कर में डेढ़ लाख रुपये गंवा दिए। अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गांव बैजलपुर निवासी संदीप की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में संदीप ने बताया कि उसने 23 जुलाई 2022 को फेसबुक पर ऑल्टो कार का विज्ञापन देखा।
विज्ञापन में जो नंबर दिया था, उस पर बात की तो उसने खुद को फौजी बताया और कहा कि उसकी ट्रांसफर हो गई है और वह 55 हजार में गाड़ी बेच रहा है। गाड़ी खरीदने से पहले 3050 रुपये डिलिवरी चार्ज देना होगा। 24 जुलाई को उसने दिए गए नंबर पर 3050 रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर गाड़ी के इंश्योरेंस के नाम पर 21500 रुपये मांगे। उसने 17500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर कहा कि 21500 रुपये इकट्ठे भेजने थे और 55000 रुपये भी एडवांस भेजने होंगे। उसने यह राशि भी दे दी। फिर गाड़ी ब्लॉक होने का हवाला देकर 31500 रुपये मांगे। उसने 31000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। फिर ट्रांसपोर्ट वाले का फोन आया और उसने ट्रांसपोर्ट चार्ज के नाम पर 21000 रुपये मांगे, जो उसने ट्रांसफर कर दिए। फिर उससे 31500 रुपये मांगे और उसने 11 हजार रुपये डलवा दिए। इसके बाद उससे और पैसों की मांग की गई। जब उसने कहा कि उसे गाड़ी नहीं खरीदनी और राशि दी जाए तो उन्होंने बात करनी बंद कर दी। आरोप है कि धोखाधड़ी से एक लाख 43 हजार रुपये ठग लिए। संवाद