फतेहाबाद। जिले के मौसम में आए परिवर्तन के चलते शनिवार सुबह से बादल छाए रहे। इसके बाद दोपहर दो बजे बारिश शुरू हो गई। लगातार 40 मिनट तक हुई बारिश के कारण जिले में औसत 12 एमएम दर्ज की गई है। इससे जलभराव की समस्या बनी है।
रोजाना हो रही बारिश ने किसानों चिंता बढ़ा दी है। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिन और तेज बारिश के आसार हैं। जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और जलभराव के कारण फसलें बर्बाद हो चुकी है।
वहीं शहरों में बनी जलभराव की समस्या के कारण प्रशासन जलनिकास में जुटा हुआ है। जिले के किसान ओमप्रकाश, सुभाष, सुरेश, धर्मपाल, राजाराम और दीपक आदि ने बताया कि धूप नहीं निकलने से फसलें गलना शुरू हो गई हैं व कीटों का प्रकोप बढ़ने लगा है। ऐसे में अगर अब मौसम साफ होता है तो ही किसान फसलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर सकेंगे।
सहायक विकास अधिकारी डॉ. बहादुर गोदारा ने बताया कि खरीफ फसलों के लिए आवश्यकता से अधिक बारिश हुई है। इससे फसलों में नुकसान होने की आशंका और ज्यादा बढ़ गई है। किसानों से अपील है कि फसलों की लगातार देखभाल करते रहें।
-
जिले में बारिश के आंकड़े (एमएम में)
फतेहाबाद- 08 एमएम
रतिया-06 एमएम
भूना-24 एमएम
भट्टू कलां-15 एमएम
टोहाना-11 एमएम
जाखल- 02 एमएम
कुलां-32 एमएम
-
:: मानसून टर्फ बंगाल की खाड़ी से लेकर राज्य तक सर्कुलेशन बना हुआ है। नमी वाली हवाएं राज्य की ओर बढ़ रही है। इसके कारण पश्चिमी हरियाणा में सोमवार से मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने की संभावना है। परंतु दक्षिणी हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां बने रहने की संभावना है। इससे रविवार को बारिश होने के आसार है। ऐसे में किसानों से अपील है कि मानसून की गतिविधियों में कमी आने के बाद फसलों की निरंतर देखभाल जारी रखें।
-डॉ. मदन खिचड़ विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।
फतेहाबाद शहर से बारिश के दौरान गुजरती छात्राएं। संवाद
फतेहाबाद शहर से बारिश के दौरान गुजरती छात्राएं। संवाद