फतेहाबाद। शहर में सफाई व्यवस्था के लिए जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने शनिवार को नगर परिषद अधिकारियों व कर्मचारियों को साथ लेकर शिव नगर और नहर कॉलोनी में निरीक्षण किया। डीएमसी ने महिलाओं से सफाई के बारे में फीडबैक लिया। वहीं नगर परिषद ने शाम को शहर के भट्टू रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला सड़क किनारे रखे खोखों को हटवाया।
महिलाओं ने कहा कि बेसहारा पशुओं का गलियों में जमावड़ा लगा रहता है। वे घरों के आगे गोबर कर देते हैं, इससे गली में गंदगी फैली रहती है। इस पर डीएमसी ने कहा कि घरों के आगे गीला कचरा न फेंके। ये फेंकने के कारण गली में पशु आते हैं। हालांकि नगर परिषद की तरफ से पशुओं को पकड़ने का अभियान जारी है।
डीएमसी ने शिव नगर में डोर टू डोर कचरा उठान के बारे में भी महिलाओं से जानकारी ली। इस पर महिलाओं ने कहा कि कचरा उठान की गाड़ी आ रही है लेकिन खाली प्लॉट में जो गंदगी फैली है उसका समाधान करवा जाए। इस पर डीएमसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाली प्लॉट के मालिकों को इस बारे में नोटिस दें।
-
गली का लेवल नहीं मिला ठीक
शिव नगर में निरीक्षण दौरान लोगों ने गली का लेवल ठीक न होने के बारे में शिकायत की। इस पर डीएमसी ने कहा कि तकनीकी शाखा के अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट लेकर समाधान करवाया जाएगा।
-
स्कूल वैन पकड़ी, लाइसेंस किया जब्त
निरीक्षण के दौरान डीएमसी ने एक स्कूल वैन को रुकवाया। जांच में वैन में काफी अनियमितताएं मिलीं। इसके अलावा स्कूल वैन का रंग भी पीले की जगह सफेद मिला। इस पर डीएमसी ने वैन चालक का लाइसेंस जब्त कर लिया। शुक्रवार को भी सहायक नहीं मिलने पर एक स्कूल बस का चालान किया गया था। बता दें कि डीएमसी के पास ही आरटीए सचिव का कार्यभार है।
-
शाम को नगर परिषद ने भट्टू रोड से हटवाया अतिक्रमण
नगर परिषद ने शाम को शहर के भट्टू रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने सचिव गोविंद के नेतृत्व में आंबेडकर चौक के पास दुकानों का सामान जब्त किया। इसके बाद भट्टू रोड पर सड़क किनारे रखे खोखों को हटवाया गया। खोखा संचालक इस दौरान नगर परिषद अधिकारियों से मोहलत मांगते नजर आए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा नारियल पानी विक्रेताओं के खोखों को भी तोड़ दिया। नगर परिषद प्रशासन ने एक सप्ताह पहले इनको हटाने के निर्देश दिए थे। इसमें पपीहा पार्क के सामने, लघु सचिवालय के पास, भट्टू रोड, पुराने एसडीएम निवास के सामने लगने वाले नारियल पानी विक्रेता भी शामिल हैं।