कार्य करते समय मैकेनिक रखें अपनी सुरक्षा का ध्यान : शेर सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। मैकेनिक का अपने कार्य में दक्ष होना जितना जरूरी है उतना ही आवश्यक है उसे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना, क्योंकि सुरक्षा किसी भी कुशलता की कसौटी का पहला पैमाना है। ये शब्द राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोड़ियाखेड़ा के ग्रुप इंस्ट्रक्टर शेर सिंह ने भट्टू रोड पर स्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई में तीन दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम के समापन कार्यक्रम में ट्रेनिंग ले रहे प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहे। शेर सिंह समापन समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैकेनिक को अपना कार्य करते समय सुरक्षा उपकरणों जैसे रबर के जूते, दस्ताने, चश्मा इत्यादि का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। इससे न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी अपितु उनके कार्य में भी दक्षता आएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई के डायरेक्टर रिंकू मनचंदा ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक मैकेनिक अपनी कार्यकुशलता के साथ साथ अपनी व्यवहार कुशलता के कारण अपने व्यवसाय में प्रगति करता है और समाज में अपना स्थान बनाता है उन्होंने कहा की आज का युग डिजिटल क्रांति का युग है इसलिए मेकेनिकों को समयानुसार अप टू डेट रहना चाहिए व अपने संपर्कों को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेना चाहिए जिससे कि उनका व्यवसाय प्रगति कर सके।
स्वामी विवेकानंद आईटीआई के संचालक संजीव कुमार ने आए हुए अतिथियों का स्मृति चिह्न देकर स्वागत करते हुए उनका आईटीआई परिसर में पधारकर प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन करने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया।