फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल को मंगलवार को अर्बन पीएचसी अशोक नगर से उधार में कुछ जरूरत की दवाएं मिली हैं। अर्बन पीएचसी की तरफ से नागरिक अस्पताल में 10 हजार पीसीएम गोलियां भेजी गई है। इसके अलावा दर्द निवारक दवाएं भी मिली हैं। उधार में करीब 10 तरह की दवाएं यहां भेजी गई हैं।
अर्बन पीएचसी में दवाओं का अलग से कोटा है और यहां पर वेयर हाउस से दवाओं की सप्लाई आ रही है। जबकि नागरिक अस्पताल में कई दिनों से बुखार, दर्द निवारक, खांसी समेत कई जरूरत की दवाएं खत्म थी। इसको लेकर रविवार के अंक में अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। स्वास्थ्य विभाग ने मामले में संज्ञान लेते हुए नागरिक अस्पताल में व्यवस्था चलाने के लिए जरूरत की दवाएं भेजी हैं।
डेढ़ करोड़ का हो चुका है सीएमओ कार्यालय कर्जदार
अस्पतालों में दवाइयों की सप्लाई हिसार के वेयर हाउस से होती है। लेकिन हालात ये है कि यहां से भी जरूरत की दवाओं की सप्लाई नहीं हो रही है। वेयर हाउस से दवाओं की सप्लाई न होने पर सिविल सर्जन कार्यालय अपने स्तर पर खरीद करता है। करीब डेढ़ करोड़ का कर्जा सिविल सर्जन कार्यालय पर हो चुका है। मुख्यालय की तरफ से बजट नहीं जारी किया जा रहा है। हालात ये है कि दवा एजेंसियों ने सप्लाई से ही मना कर दिया है।
कोट
नागरिक अस्पताल में कुछ दवाएं आई है। दवाइयों की कमी को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। उम्मीद है जल्द दवाइयों की कमी दूर हो जाएगी।
- डॉ. सुभाष, एसएमओ नागरिक अस्पताल फतेहाबाद।