फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के लेट आने की मिल रही शिकायतों के चलते मंगलवार सुबह एडीसी अजय चोपड़ा ने दबिश देकर औचक निरीक्षण किया। एडीसी नप कार्यालय में सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर पहुंचे लेकिन इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी गैर हाजिर मिले। अतिरिक्त उपायुक्त ने हाजिरी रजिस्टर मंगवाया तो अधिकारियों समेत 10 कर्मचारी नहीं पहुंचे थे।
रजिस्टर चेक किया तो एमई सुमित चोपड़ा, जेई सुखविंद्र सिंह धूडिया, जेई अरुण कुमार, ऑपरेटर राहुल, रवप्रीत और कर्मचारी सुरेंद्र, चरणपाल, बलराज, अनीता देवी और छबीलदास ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। अतिरिक्त उपायुक्त ने इनकी गैर हाजिरी लगा दी। अतिरिक्त उपायुक्त के औचक निरीक्षण को लेकर एक बार हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारी गैर हाजिरी अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते हुए नजर आए।
कोई साढ़े 9 बजे बाद तो कई पौने 10 बजे तक पहुंचा
अतिरिक्त उपायुक्त नप कार्यालय में करीब पौने 10 बजे तक रहे। अतिरिक्त उपायुक्त के औचक निरीक्षण के बावजूद कई अधिकारी और कर्मचारी पौने 10 बजे तक कार्यालय में आते दिखे। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि लेट आए हैं तो वेतन कटेगा। नोटिस का भी जवाब देना होगा।
ईओ और सीएसआई पहुंच रखे थे पहले ही
नगर परिषद कार्यालय में एडीसी के औचक निरीक्षण के बाद दिनभर चर्चा रही। चर्चा ये रही कि ईओ और सीएसआई व सफाई ब्रांच के कर्मचारी तय समय पर कार्यालय में पहुंच चुके थे जबकि नप कार्यालय में तकनीकी ब्रांच के अधिकतर अधिकारी और कर्मचारी गैर हाजिर थे। क्या एडीसी के आने की सूचना नीचे की ब्रांच के अफसरों और कर्मचारियों को लग चुकी थी।
कोट
नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के लेट आने की शिकायतें मिल रही थी। सुबह औचक निरीक्षण किया गया, इस दौरान कुछ गैर हाजिर मिले है। इन्हें नोटिस जाएगा और फिलहाल रजिस्टर में गैर हाजिरी लगा दी गई है।
- अजय चोपड़ा, अतिरिक्त उपायुक्त