बीज कंपनी यूनाइटिड फॉस्फोरस लिमिटेड के विजिलेंस अधिकारियों ने वीरवार को हरियाणा के जिला फतेहाबाद की रतिया अनाज मंडी की एक दुकान पर कंपनी द्वारा पेटेंट ब्रांड के नकली बीजों के बैग बरामद किए।
अधिकारियाें ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर नकली बीजों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने कंपनी अधिकारियों की शिकायत पर बीज विक्रेता के खिलाफ रेड एंड मर्चेंटाइज एक्ट कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूनाइटेड फॉस्फोर्स कंपनी लिमिटेड के चंडीगढ़ कार्यालय के विजिलेंस मैनेजर वासुदेव योगी, सिक्योरिटी विजिलेंस मैनेजर एके बिस्वास, विजिलेंस अधिकारी भाग सिंह को सूचना मिली थी कि रतिया की अनाजमंडी में सरदार एग्रीकल्चर स्टोर का संचालक सतपाल मंगला उनकी कंपनी के नकली बीज बेच रहा है।
इस पर अधिकारियाें की टीम ने सरदार एग्रीकल्चर स्टोर में हायोला ब्रांड के नाम से सरसों के बीज की मांग की। दुकानदार ने उन्हें एक हजार रुपये प्रति पैकेट के हिसाब से तीन पैकेट दे दिए।
पैकेट खरीदने के बाद कंपनी के अधिकारी वासुदेव योगी, एके बिस्वास ने पैकेट खोलकर जांच की तो बीजों को डुप्लीकेट पाया। अधिकारियाें ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
कंपनी के अधिकारी वासुदेव ने बताया कि हायोला ब्रांड यूनाइटेड फॉस्फोरस लिमिटेड ने पेटेंट कराया है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में वासुदेव योगी ने बताया कि दुकानदार उनके पेंटेंट सरसों के बीज हायोला ब्रांड के नाम से डुप्लीकेट सरसों का बीज बेच रहा है।
उधर, सरदार एग्रीकल्चर के संचालक सतपाल मंगला का कहना है कि वह बीज नहीं बेचते बल्कि कल शाम को भट्टू के खाद का दुकान का सेल्समैन उनकी दुकान पर बीजों का यह बैग यह कहकर रख गया था कि उनका ग्राहक आएगा और पैसे देकर ले जाएगा।