मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चिरप्रतीक्षित बुढ़ापा, विकलांग और विधवा पेंशन बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी है।
मुख्यमंत्री ने यहां रविवार को शक्ति रैली में 33 घोषणाएं की। घोषणाएं नए साल पर एक जनवरी से लागू होंगी।
मुख्यमंत्री ने उन सभी घोषणाओं पर मोहर लगाई जिनकी जानकारी अमर उजाला ने पहले ही दे दी थी।
रिटायरमेंट उम्र बढ़ाने का फैसला टाल दिया गया।
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों, खेतिहर मजदूरों, आंगनबाड़ी वर्करों, सहायकों, मिड डे मील वर्करों, सरकारी मुलाजिमों समेत हर वर्ग के लिए घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने तीसरी बार सरकार बनने के बाद अगले साल दोबारा गोहाना में ही रैली करने की घोषणा की।
करीब एक घंटे के भाषण में मुख्यमंत्री ने जहां विपक्षी दलों इनेलो, भाजपा, हजकां नेताओं पर जमकर प्रहार किया वहीं कांग्रेस में अपने विरोधियों को भी नहीं बख्शा।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी डॉ. शकील अहमद का ध्यान आकर्षित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रदेश का विकास कर रहे हैं।
पिछले पौने नौ साल में हरियाणा कहां से कहां पहुंच गया।
मगर कुछ लोग उनके काम में बाहर से अड़चन डालते हैं तो कुछ भीतर से।
जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि इस विरोध की आपने कोई परवाह नहीं करनी। उन्हें तो मैं देख लूंगा।
सीएम ने अपने विरोधियों का नाम नहीं लिया मगर उनका इशारा कुमारी सैलजा और राज्यसभा सदस्य चौधरी बीरेंद्र सिंह की तरफ था।
ये दोनों नेता रैली में नहीं पहुंचे और कुमारी सैलजा के समर्थक राज्यसभा सदस्य ईश्वर सिंह, समर्थक विधायक
राजपाल भूखड़ी और नरेश सेलवाल भी नहीं पहुंचे थे।
सातवें वेतन आयोग के तहत 2000 रुपये अंतरिम वेतन बढ़ा मुख्यमंत्री ने कहा कि सातवां वेतन आयोग गठित हो चुका है।
आयोग की रिपोर्ट आने में समय लगेगा। मगर वे हरियाणा के क्लास तीन और चार के कर्मचारियों को 2000 रुपये अंतरिम वेतन बढ़ोतरी की घोषणा करते हैं।
पुलिस मुलाजिमों के वेतन में भी 2000 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
इसके अलावा पुलिस मुलाजिमों को हर महीने 5000 रुपये विशेष भत्ता दिया जाएगा।
यानी पुलिस मुलाजिमों के वेतन में हर महीने 7000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।