चरखी दादरी। जिले में शराब की अवैध बिक्री और तस्करी करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन इसके बाद बावजूद भी लगाम नहीं लग पा रही। आठ माहमें अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही एक हजार पेटी शराब बरामद की जा चुकी है। पुलिस इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी का भंड़ाफोड़ भी कर चुकी है। वीरवार को भी पुलिस ने पिकअप में अवैध ब्रिकी के लिए ले जाई जा रही 148 पेटी शराब की बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गच्चा देने के लिए तस्करों ने इसे फतेहगढ़ ठेका की शराब बताई, लेकिन जांच में यह शराब अवैध पाई गई।
जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस टीम वीरवार रात दादरी-भिवानी रोड पर पैंतावास कलां के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि देसी शराब की पेटियों से भरी एक पिकअप पैंतावास कलां की तरफ आ रही है। इस आधार पर पुलिस अलर्ट हो गई। कुछ देर बाद नाके पर पहुंची एक पिकअप को पुलिस ने रुकवा लिया। उसमें दो लोग सवार थे। पूछताछ करने पर पिकअप सवार दो लोगों ने बताया कि यह शराब फतेहगढ़ ठेका की है। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और मामले की सूचना आबकारी विभाग के अधिकारी को दी गई। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
टीम ने पिकअप सवारों से शराब के संबंध में लाइसेंस या परमिट मांग जिसे वे पेश नहीं कर पाए। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने इसे अवैध शराब घोषित कर दिया। पुलिस ने इसके बाद शराब से भरी पिकअप को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान फतेहगढ़ निवासी पिकअप चालक अशोक और गोठडा निवासी अंकित उर्फ माणे को गिरफ्तार कर लिया। शराब की पेटियों को खोलकर देखने पर 1860 बोतल शरब बरामद हुईं। इस संबंध में सदर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़ी गई शराब तो फतेहगढ़ ठेके की है, लेकिन यहां शिफ्ट करने के लिए आबकारी विभाग से इसका परमिट नहीं लिया गया, जो नियमों के खिलाफ है।
अगस्त में शराब तस्करी करते 14 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसका डर भी उनके जहन में नजर नहीं आ रहा। 2021 के सात माह के आंकड़ों की बात करें तो जिला पुलिस अवैध शराब की दस हजार से अधिक बोतलें बरामद कर चुकी हैं। वहीं, पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने पर सौ से अधिक आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया है। अगस्त की अगर बात करें तो 14 आरोपी अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं।
अंतरराज्यीय तस्करी का भी हो चुका भंडाफोड़
पुलिस ने जिला में शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई के साथ शराब की अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़ कर चुकी है। पांच मई की रात पुलिस टीम ने चांग रोड के समीप नाकाबंदी कर एक कंटेनर से 290 पेटी शराब बरामद की थी। यह शराब कपड़ों से भरे डिब्बों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी। इससे पहले भी पुलिस ने मौड़ी के समीप से शराब से भरा कंटेनर पकड़ा था।
शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मैंने इस संबंध में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश भी दिए हुए हैं। जिलावासियों से अपील है कि शराब की अवैध बिक्री करने वालों की सूचना दें, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।
विनोद कुमार, एसपी।