सरदार झाडू सिंह चौक के समीप वॉल्व लीकेज होने से सड़क पर बहता पानी ।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। वार्ड नौ स्थित सरदार झाडू़ सिंह चौक के समीप चार माह में चौथी बार पेयजल लाइन की वॉल्व लीकेज हुई है। इसके चलते पानी सड़क पर व्यर्थ बह रहा है, जबकि घरों में लोगों के कंठ सूखे हैं। बीस दिन बीतने के बाद भी जनस्वास्थ्य विभाग ने समस्या की सुध नहीं ली है। वीरवार को वार्डवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
सरदार झाडू सिंह चौक के समीप पेयजल लाइन का वॉल्व जून से लेकर सितंबर तक चार बार लीकेज हो चुका है। तीन दफा जनस्वास्थ्य विभाग की टीम वॉल्व को ठीक कर चुकी है, जबकि 20 दिन पहले चौथी बार भी वॉल्व लीकेज हो गया। रजनीश, फूल सिंह, धर्म, नरेश, राहुल, मांगे, सज्जन और रमेश आदि ने कहा कि लीकेज के चलते पेयजल आपूर्ति के समय सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर व्यर्थ बहता है, जबकि वार्ड के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। उनहोंने बताया कि लीकेज के कारण सड़क पर दुकानों के सामने पानी भर जाता है और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है। उनके वार्ड में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जाती है और वॉल्व लीकेज के चलते वार्ड की गलियों में लो-प्रेशर आपूर्ति की समस्या भी बनी हुई है। इसके अलावा लीकेज वॉल्व के जरिये मिट्टी और अन्य गंदगी भी पेयजल लाइन में पहुंच रही है, जिसका असर गुणवत्ता पर पड़ रहा है। वार्डवासी पानी के टैंकर खरीदकर वो अपनी प्यास बुझाने और घरेलू कामों के लिए पानी का प्रबंध करने को विवश हैं। लोगों ने विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है।
वार्ड में अगर वॉल्व लीक हो रहा है तो जल्द टीम को भेजकर इसे ठीक करवा दिया जाएगा। हमें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। पहले वॉल्व लीक की शिकायत मिली थी और हमने इसे ठीक करवा दिया था।
सतमेंद्र, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग