चरखी दादरी। लोहारू रोड पर देहाती ठाठ के समीप सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहीं दो महिलाओं को एक अनियंत्रित ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं और एक को गंभीर चोटों के चलते रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। सदर थाना पुलिस ने घायल महिला के पति की शिकायत पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामपुरा निवासी बाबूलाल ने बताया कि वह लोहारू रोड पर चाय की रेहड़ी लगाता है। 20 मार्च की शाम वह और उसकी पत्नी बिमला रेहड़ी पर थे। उसी दौरान एक परिचित दंपती वहां से गुजर रहे थे, जो उन्हें देखकर रुक गए। बाबूलाल ने बताया कि उसकी पत्नी महिला सुनीता से बातें करनी लगी और इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो ने उसकी पत्नी बिमला और दूसरी महिला सुनीता को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को चोटें लगीं और राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से बिमला को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने बाबूलाल की शिकायत पर धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।