चरखी दादरी/बौंदकलां। भागेश्वरी गांव में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने किशोरी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोरी की भिवानी के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अचीना ताल चौकी पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में भागेश्वरी निवासी सत्यपाल पुत्र रामभगत ने बताया कि उसके दो बच्चे थे, जिनमें 15 वर्षीय बेटी भूमि बड़ी थी। सत्यपाल ने बताया कि 25 मार्च की रात करीब आठ बजे उसकी बेटी भूमि पड़ोसियों को भंडारे का प्रसाद वितरित करने के लिए घर से निकली थी। जब वो पूर्व सरपंच हुकमचंद के मकान के सामने रोड पार करने लगी तो एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने भूमि को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही सत्यपाल मौके पर पहुंचा और गांव निवासी राकेश की मदद से बेटी को उपचार के लिए भिवानी के एक निजी अस्पताल ले गया। वहां उपचार के दौरान भूमि की मौत हो गई। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही बौंदकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भूमि के शव को कब्जे में ले लिया। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया।