बाढड़ा। डांडमा के समीप बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम भिवानी सिविल अस्पताल में करवाया गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में राजस्थान के चिडावा निवासी मंगलाराम ने बताया कि उसका परिवार काम के लिए दादरी आया हुआ है। उसे साथ उसका भांजा विनोद भी आया हुआ था। मंगलाराम ने बताया कि मंगलवार को उसका भांजा द्वारका में काम करने आ रहा था। सुबह छह बजे तब वह डांडमा के समीप पहुंचा तो एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए भिवानी सिविल अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल की मौत होने की सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस भिवानी अस्पताल पहुंची और कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।