चरखी दादरी। चोर जिला पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इस साल एक जनवरी से 15 मई तक 136 दिनों में 25 जगहों पर चोरी की वारदात हुईं। इस दौरान चोरों ने दस दुकानों को भी निशाना बनाया है। इस लिहाज से चोर हर पांचवें दिन एक वारदात कर रहे हैं लेकिन जिला पुलिस ज्यादातर वारदातें सुलझाने में नाकाम रही है और इस कारण चोर दुस्साहस कर रहे हैं। वह पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठा नियमित अंतराल पर वारदात कर रहे हैं। इन वारदात से जिलावासियों में भय बना है। लोगों का कहना है कि जिला पुलिस को इन वारदातों का खुलासा कर माल की बरामदगी करवानी चाहिए।
- इन वारदात से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल
केस-1 आठ दुकानों से सामान चोरी
24 अप्रैल को शहर में एक रात में 8 दुकानों में चोरों ने सेंधमारी की। मातृ-शिशु अस्पताल रोड पर एक ईंट सप्लायर ऑफिस, एक सैलून, एक ड्राइक्लीन, दो इलेक्ट्रॉनिक्स और तीन किराना स्टोर से दस हजार की नकदी समेत हजारों का सामान चोरी हुआ था।
केस-2 दो घरों में घुसे चोर, एक से नकदी व गहने चोरी
गत 4 मई को चोरों ने गांव मिसरी के दो घरों को निशाना बनाना चाहा लेकिन चोर एक ही घर में चोरी कर सके। इस दौरान ने 50,000 रुपये और गहने चोरी किए थे जबकि दूसरे घर के मालिक को भनक लगने से वह जाग गया तो चोरों को वहां से भागना पड़ा।
केस-3 दो दुकानों से भी नकदी और चुराया गया सामान
गत 19 अप्रैल को चोरों ने दिल्ली रोड स्थित एक कलपुर्जों की दुकान से 1.80 लाख रुपये और अन्य पुर्जे चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई। वहीं दूसरी म्यूजिक सिस्टम की दुकान से चोरों ने 37,700 रुपये संगीत का सामान चुराया गया था। चोरों ने दोनों घटनाएं एक ही रात की थी।
केस-4 पत्नी के इलाज के लिए बैंक से घर लाकर रखे रुपये चोरी
गांव कादमा निवासी एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए बैंक से रुपये लाकर घर रख दिए थे। अगले दिन वह अपनी से अस्पताल में मिलने गया। लेकिन चोरों ने रात को 62,000 रुपये चोरी कर लिए। घटना से परेशान गृहस्वामी ने पुलिस से चोर के खिलाफ शिकायत देकर रुपये बरामद कराने की मांग की।
जिला पुलिस टीमें चोरी की वारदात सुलझाने में जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें काबू कर लिया जाएगा। - विनोद शंकर, डीएसपी मुख्यालय, दादरी।