गर्म कपड़े पहनकर बस स्टैंड रोड से गुजरते बाइक सवार।
चरखी दादरी। क्षेत्र में मंगलवार को दिनभर धूूप नहीं निकली। वहीं, सुबह छाए कोहरे और पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा के कारण ठंड का प्रकोप बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़ा। 31 जनवरी से मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
इस साल की शुरुआत से ही जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बना हुआ था। पिछले चार-पांच दिन से ठंड थोड़ी कम हुई है लेकिन प्रकोप अभी जारी है। दो माह के दौरान जिला में बारिश भी नहीं हुई है। अब मौसम विभाग अगले तीन दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना जता रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी रात्रि से मौसम में बदलाव आएगा और एक व दो फरवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। बारिश की इस समय रबी की फसलों के लिए विशेष जरूरत है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय बारिश हो जाती है तो फसलों में छोटे-मोटे रोग खत्म हो जाएंगे। फसलों का पकाव ठीक प्रकार से हो सकेगा और अच्छी पैदावार होगी।