बौंदकलां। सांजरवास गांव में चार माह पहले हुए बाबूलाल हत्याकांड के पांचवें आरोपी को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। एसआई बलबीर सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने समसपुर निवासी साहिल को गुप्त सूचना के आधार पर काबू किया। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है और आरोपी से पुलिस हत्याकांड को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि सांजरवास निवासी विष्णु ने बौंदकलां थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया था कि उसकी बुआ मुन्नी के साथ उनका जमीन का विवाद चल रही है। कई बार उसकी बुआ उसे और बड़े भाई बाबूलाल को देख लेने की धमकी दे चुकी है। पुलिस बयान में विष्णु ने बताया था कि 28 सितंबर 2023 को उसका बड़ा भाई बाबूलाल फसल की रखवाली के लिए खेत में गया था।
विष्णु जब बड़े भाई का खाना लेकर खेत में पहुंचा तो वहां उसकी बुआ मुन्नी, सांजरवास निवासी जगला, मुन्नी के दोनों लड़के श्रवण व सचिन, फौगाट निवासी परमजीत उर्फ मोनू और सात-आठ अन्य युवक बाबूलाल को लोहे की रॉड और डंडों से पीट रहे थे। जब विष्णु ने भाई को बचाने का प्रयास किया तो उस पर भी हमला कर दिया। पिटाई में लगी चोटों के कारण बाबूलाल की मौत हो गई थी और पुलिस ने इस संबंध में हत्या का केस दर्ज किया था। अब सीआईए स्टाफ ने समसपुर निवासी पांचवें आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया है।
पहले इनकी हो चुकी गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस फौगाट निवासी परमजीत पुत्र राजपाल, सांजरवास निवासी रवि उर्फ भोली पुत्र अमीलाल और समसपुर निवासी राहुल उर्फ मिनी पुत्र रणबीर और रोहित उर्फ आरके पुत्र सुरेंद्र को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।