पुलिस गिरफ्त में उद्घोषित अपराधी जगदीश।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। समसपुर गांव के अड्डे से पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक भगोड़े आरोपी को पकड़ा है। महेंद्रगढ़ जिले के सिसोठ निवासी आरोपी साधु की वेशभूषा में था और पिछले करीब दस साल से पुलिस टीम को उसकी तलाश थी। उसके खिलाफ सदर थाना में धारा 174-ए के तहत केस दर्ज किया गया है।
पीओ स्टाफ से हेड कांस्टेबल ऋषिप्रकाश ने बताया कि वीरवार शाम टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ के सिसोठ निवासी जगदीश सदर थाने में दर्ज एक केस में भगोड़ा है। इस समय वो समसपुर अड्डा पर साधु की वेशभूषा में खड़ा वाहन का इंतजार कर रहा है। अगर तुरंत दबिश दी जाए तो उसे दबोचा जा सकता है। ऋषिप्रकाश ने बताया कि टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। हेड कांस्टेबल ऋषिप्रकाश के अनुसार आरोपी जगदीश पर सदर थाने में 25 जनवरी 2010 को सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। जेएमआईसी एएस नैय्यर की कोर्ट ने उसे जून 2011 में भगोड़ा घोषित किया था।