फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरखी दादरी: जोहड़ों को मिलेगा मॉडल पोंड का लुक, फिल्टर के बाद सिंचाई में प्रयोग होगा गांवों का दूषित पानी

Sat, 22 Jan 2022 04:01 AM IST
भूपेंद्र सिंह सुरेंद्र सिंह, संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)

सार

हरियाणा के चरखी दादरी जिले के 14 गांवों में पंचायत विभाग 17 मॉडल पोंड बनाएगा। इसके निर्माण पर आठ करोड़ सात लाख रुपये खर्च होंगे।
विज्ञापन
गांव जेवली का जोहड़ जहां मॉडल पोंड बनाया जाएगा । - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गांव का दूषित पानी अब जोहड़ों से ओवरफ्लो नहीं करेगा। इस पानी को फिल्टर कर खेतों में सिंचाई के काम में प्रयोग किया जाएगा। इसके लिए पंचायत विभाग जिले के 14 गांवों में मॉडल पोंड (तालाब) बनवाने जा रहा है। इन तालाबों के निर्माण पर आठ करोड़ सात लाख रुपये खर्च होंगे।

विज्ञापन


सात गांवों में मॉडल पोंड बनाने के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं और इनके निर्माण पर करीब 3.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, छह गांवों के टेंडर ओपन हो चुके हैं। पंचायत विभाग के अधिकारियों के अनुसार पोंड निर्माण की समयावधि करीब एक साल रहेगी। 

पंचायती विभाग जिले के 14 गांवों में 17 मॉडल पोंड बनाएगा। इसके तहत गांवों को मानसून सीजन में बनने वाली जोहड़ ओवरफ्लो की समस्या से निजात मिलेगी तो वहीं, जोहड़ के अंदर पहुंचने से पहले ही गंदगी को भी पृथक कर लिया जाएगा। विभाग की योजना है कि जोहड़ में पहुंचने से पहले ही पानी फिल्टर हो जाए और गंदगी जोहड़ से ठीक पहले बनाए गए बैकलैंड टैंक की जाली तक ही रुक जाए। बाद में जोहड़ में पहुंचने वाली पानी को खेतों की सिंचाई के कार्य में प्रयोग किया जाएगा।
विज्ञापन


मॉडल पोंड किनारे घाट स्टेप भी बनाए जाएंगे, ताकि मवेशियों को पानी पिलाने में पशुपालकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। पंचायत विभाग के अधिकारियों का दावा है कि एक साल के अंदर सभी मॉडल पोंड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। पोंड के चारों ओर सुबह-सांय टहलने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा और यहां पौधरोपण भी होगा। रानीला में तीन पोंड बनाए जाएंगे।

इन गावों के वर्क ऑर्डर हो चुके अलॉट

जिले के गांव घिकाड़ा, रानीला, मोरवाला, बाढड़ा, भागवी और बौदकलां में मॉडल पोंड निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ वर्क ऑर्डर अलॉट हो चुके हैं। इन गांवों में मॉडल पोंड निर्माण पर तीन करोड़ 37 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

इन गांवों की टेंडर प्रक्रिया पर चल रहा काम

गांव डोहका हरिया, जेवली, बिगोवा, सांजरवास, बास मुस्तिल रानीला, और चरखी में भी पंचायत विभाग मॉडल पोंड बनवाएगा और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पाइप लाइन में है। अधिकारियों के अनुसार टेंडर ओपन हो चुके हैं और जल्द अलॉटमेंट हो जाएगी। इन गांवों में चार करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होंगे।

क्या है बैकलैंड टैंक

विभाग द्वारा बनाए जा रहे मॉडल पोंड के किनारे गांवों की गलियों से आने वाले दूषित पानी को साफ करने के लिए बैकलैंड टैंक बनाया जाएगा। दूषित पानी के साथ आई गाद को पोंड में जाने से रोकने के लिए एक फुट ऊंचे दस ब्रेकर बनाए जाएंगे। उसके बाद दस मीटर दूरी में छोटे पौधे और फिर दस मीटर की दूरी में बड़े पौधे लगाए जाएंगे और इनसे गुजरकर पानी टैंक में गिरेगा। इसके बाद जाली से होकर यह पानी तालाब में पहुंचेगा। इस पानी का यहां से उठान कर फसलों में सिंचाई के लिए प्रयोग किया जाएगा।

जिले के गांवों में 17 मॉडल पोंड बनाए जाएंगे और इनसे ग्रामीणों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। वर्क ऑर्डर जारी कर कुछ पर काम शुरू करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं और कुछ की टेंडर प्रक्रिया अभी पाइपलाइन में है। इस प्रोजेक्ट पर करीब आठ करोड़ सात लाख रुपये लागत आने की संभावना है। -भरत सिंह, एक्सईएन, पंचायत विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें