फसलें बर्बाद होने का दिख रहा बाजार में असर, दीवाली पर 50 फीसदी तक मार्केट का कारोबार प्रभावित
चरखी दादरी। इस साल मौसम की भेंट चढ़ी किसानों की फसलों का असर जिले के बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। त्योहारी सीजन में इस बार कोरोबार व्यापारियों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं हो रहा। शहर की अलग-अलग मार्केट में सामान्य दिनों के मुकाबले तो कारोबार की स्थिति ठीक है, लेकिन व्यापारियों की उम्मीदों से 30 से 50 फीसदी तक कम है। कपड़ा, गारमेंट्स, इलेक्ट्रोनिक्स और सर्राफा बाजार के व्यापारियों का कारोबार चमकने की उम्मीद थी। शहर में इस समय प्रतिदिन करीब सात करोड़ से अधिक का कारोबार हो रहा है।
कपड़ा मार्केट की अगर बात करें तो दिल्ली, लुधियाना, सूरत, मुबई, जालंधर और पानीपत से जिले में माल पहुंचता है। जिले में कपड़ा की करीब 350 दुकानें हैं और एक दुकान पर इस समय 30 से 40 हजार का कारोबार हो रहा है। इस लिहाज से कपड़ा मार्केट में प्रतिदिन करीब एक करोड़ से अधिक का कारोबार है। हालांकि कपड़ा कारोबारियों का कहना है कि इस साल 30 से 40 फीसदी की मंदी है। वहीं, गारमेंट्स मार्केट की बात करें तो जिले में 200 दुकानें हैं और एक दिन का औसतन कारोबार करीब 20 हजार रुपये है। गारमेंट्स मार्केट में उम्मीदों के मुताबिक 50 फीसदी कम कारोबार है।
वहीं, अगर इलेक्ट्रोनिक्स मार्केट की बात करें तो शहर में दस दुकानें हैं। एक दुकान पर प्रतिदिन करीब दस लाख रुपये का कारोबार होता है। इस लिहाज से प्रतिदिन की कमाई करीब एक करोड़ रुपये है। इलेक्ट्रोनिक्स सामान के कारोबारियों के अनुसार सामान्य दिनों के मुकाबले तो मार्केट काफी बेहतर है, लेकिन धनतेरस और दीवाली के समय की बात करें तो 25 से 30 फीसदी की मंदी है। इलेक्ट्रोनिक्स सामान हिसार, दिल्ली और गुरुग्राम से पहुंचता है। अब अगर सर्राफा बाजार की बात करें तो शहर में 85 दुकानें हैं। पिछले साल की तुलना में कारोबार फिलहाल मंदा है, लेकिन व्यापारियों को धनतेरस व दीवाली से काफी उम्मीदे हैं। सर्राफा मार्केट में इस समय चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति और चांदी के बर्तनों की डिमांड अधिक है। दीवाली पर लोग सोने की बजाय चांदी के गहने खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
व्यापारी बोले : त्योहारी सीजन से काफी उम्मीदें, पांच नवंबर तक उमड़ेंगे ग्राहक
- कपड़ा मार्केट में कारोबार की स्थिति सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ठीक है, लेकिन त्योहारी सीजन के अनुसार सेल नहीं हो रही। कपड़ा मार्केट में इस बार 30 से 40 फीसदी की मंदी है।
मनफूल शर्मा, क्लॉथ स्टोर संचालक
- गारमेंट्स मार्केट में पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार 50 फीसदी तक कम है। फिलहाल 20 से 25 हजार रुपये की सेल हो रही है जबकि उम्मीद 50 हजार रुपये तक की थी।
राकेश गुप्ता, गारमेंट्स शॉप संचालक
- इलेक्ट्रोनिक्स मार्केट में पिछले साल के मुकाबले 25 फीसदी कम कारोबार है। ज्यादातर लोग फ्रिज, एलईडी और माइक्रोवेव खरीदने में इस समय दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
कृष्ण, इलेक्ट्रोनिक्स शॉप संचालक
- पिछले साल से इस बार ग्राहकी कम है। सोने की बजाय चांदी के आभूषणों की अधिक डिमांड है। ग्राहक चांदी के सिक्के, बर्तन और लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदने में ज्यादा रुझान दिखा रहे हैं।
मानक वर्मा