सड़कों की सुधारी जाएगी दशा, हादसे रोकने के लिए फिर शुरू होगा गोवंश पकड़ो अभियान
चरखी दादरी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। इसमें सड़क हादसों को रोकने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और अब तक उठाए गए कदमों की उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने समीक्षा भी की। बैठक में सड़क हादसों का ग्राफ सुधारने के लिए उपायुक्त ने जर्जर सड़कों की दशा सुधारने और शहर में गोवंश पकड़ो अभियान शुरू करवाने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को जल्द से जल्द पकड़कर नंदीशाला में छुड़वाया जाए।
उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि जिला में सड़क मार्ग का निर्माण करवा रहे सभी अभियंता अपनी-अपनी सड़कों के आसपास से अवैध कब्जे हटवाना सुनिश्चित करेंगे। दादरी नगर परिषद, पंचायती राज, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोकनिर्माण, कृषि विपणन बोर्ड आदि सभी विभाग जिला में एक मॉर्डन व आकर्षक सड़क बनाकर सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे बनी ड्रेनों की सफाई करवाई जाए और उनके आसपास किए गए नाजायज कब्जों को जल्द हटवाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध कब्जों को हटवाने के लिए दादरी नगर परिषद जेसीबी मशीन का स्थायी रूप से प्रबंध कर ले, जिससे कि यह कार्य आसानी से हो सके। उन्होंने कहा कि जिला की सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ता जा रहा है। इन सड़कों पर कोई भी दुर्घटना संभावित स्थान दिखाई देता है तो इसकी सूचना आरटीए विभाग या प्रशासन को दें, जिससे उसको दुरूस्त करवाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि सड़कों पर खड़े रहने वाले बेसहारा पशु अक्सर दुर्घटना का कारण बन जाते हैं। इन पशुओं को गोशाला में भिजवाने के लिए नगरपरिषद गोशाला संचालकों की जल्दी ही एक बैठक बुलाए। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे खड़ी कांग्रेस घास को कटवाया जाए। इसके अलावा पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई भी करवाई जाए। मुख्य मार्गों पर साइन बोर्ड व संकेतक जरूर होने चाहिए।
- महेंद्रगढ़ चौक से लेकर समसपुर बाईपास तक सड़क की होगी मरम्मत
उपायुक्त ने दादरी महेंद्रगढ़ बाइपास चौक से लेकर समसपुर बाइपास तक सड़क की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने रावलधी बाईपास और गांव मंदौला से आदमपुर तक सड़क की रिपेयरिंग करवाने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि बरसात का मौसम लगभग बीत चुका है, इसलिए अब सड़कों का काम शुरू कर दिया जाए। दादरी एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह ने बैठक में बताया कि कलियाणा मोड़ पर सड़क की हालत ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि कलियाणा रोड पर ट्रैफिक अधिक होने की वजह से यहां सड़क आमतौर पर टूटी रहती हैं। गांव चरखी निवासी रविंद्र ने बताया कि उनके गांव के सामने और लोहारू चौक पर सड़क की रिपेयरिंग करवाने की दरकार है।
- बैठक में उपस्थित रहे ये अधिकारी
नगराधीश अमित मान, आरटीए सचिव दर्शना भारद्वाज, उपपुलिस अधीक्षक बलीसिंह, आरटीए सहायक सचिव किशोर कुमार, बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता सचिन यादव, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता अंकित शर्मा, सुशासन सहयोगी दिनेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी जेपी सभ्रवाल, पंचायती राज नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी सुमन लता, सचिव प्रशांत पाराशर आदि उपस्थित रहे।