चरखी दादरी। फाग की रात मोरवाला के समीप एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया, जबकि पीछे बैठे शख्स की मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मोरवाला निवासी मनोज (46) शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे पड़ोसी प्रदीप के साथ बाइक पर डीजल लेने के लिए गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर आया था। वहां से डीजल लेकर जब वे घर लौटने लगे तो रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रदीप और मनोज घायल हो गए और राहगीरों की मदद से उन्हें दादरी सिविल अस्पताल लाया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने मनोज का मृत घोषित कर दिया। आरोपी चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। एएसआई एवं जांच अधिकारी कप्तान सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेने के बाद सिविल अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शनिवार सुबह पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के चाचा एवं पूर्व सरपंच जयसिंह के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक मनोज के दो भाई और दो बहनें हैं। वह गांव में खेती करता था और उसके तीन बच्चे हैं। हादसे से तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक इंजन में डालने के लिए डीजल लेने गया था।