मनोज की दुर्घटनाग्रस्त बाइक। संवाद
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। पांच दिन की छुट्टी बिताकर मंगलवार अलसुबह गुरुग्राम ड्यूटी पर लौट रहे चरखी निवासी एक सैनिक की अचीना के समीप तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सैनिक की मौत हो गई। अचीना ताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान पर इस संबंध में डंपर चालक पर केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया।
जानकारी के अनुसार चरखी निवासी मनोज (46) सेना में पांच साल नौकरी करने के बाद दस साल पहले रिटायर्ड हुआ था। इसके बाद उन्होंने डिफेंस सर्विस कोप में ज्वाइन कर लिया। उनकी पोस्टिंग गुरुग्राम में थी। परिजनों ने बताया कि मनोज पांच दिन की छुट्टी बिताने के बाद मंगलवार अलसुबह बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम जा रहा था। जब वह अचीना के समीप पहुंचा तो एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। अचीना ताल चौकी पुलिस ने हादसे के बाद शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के दो बच्चे हैं जबकि वह तीन भाइयों में बड़ा था। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल धनप्रकाश ने बताया कि इस संबंध में डंपर चालक के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।