फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनस्वास्थ्य विभाग के पास बजट न अधिकारी, पिस रही जनता बेचारी

विज्ञापन
जनता कॉलेज सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी और मौजिज लोग और शिकायतकर्ता। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने मंगलवार को विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से दी जाने वाली ऑनलाइन सेवाओं की समीक्षा की। जनता कॉलेज सभागार में 170 मिनट चली बैठक में उन्होंने सात सरकारी महकमों की रैंकिंग और आवेदनों के निपटान की प्रक्रिया पर मंथन किया। इस दौरान अधिकारियों ने भी अपना दर्द बयां किया।
विज्ञापन

जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ प्रतीक कुंडू ने बताया कि विभाग के पास इंफ्रास्ट्रक्चर, बजट और अधिकारियों की कमी है। पुराने भुगतान न होने के कारण एजेंसियां अब शहर में किसी काम का ठेका लेने को तैयार नहीं है। इन तमाम बिंदुओं को देखते हुए उन्होंने ट्रांसफर करवाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। इस पर मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने कहा कि विभाग के अधिकारी ने ही खामियां बता दी हैं तो लोगों को विभाग से जुड़ीं समस्याएं रखने तक की क्या जरूरत है।
एक्ट के तहत दादरी जिले का स्कोर 9.4
जनता कॉलेज सभागार में मंगलवार दोपहर बाद तीन बजे टीसी गुप्ता राइट-टू-सर्विस एक्ट की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डीसी प्रदीप गोदारा और एसपी विनोद कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक की शुरुआत में उन्होंने राइट-टू-सर्विस एक्ट के तहत दादरी जिले के स्कोर पर नजर डाली। सीटीएम अमित मान ने बताया कि फिलहाल 9.4 के स्कोर के साथ दादरी महेंद्रगढ़ के साथ संयुक्त रूप से 11वें पायदान पर है। टीसी गुप्ता ने इस पर कहा कि 9.5 का स्कोर करने वाले जिले ही बधाई के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं कि जनवरी 2021 तक दादरी का स्कोर 9.9 तक पहुंचेगा। शाम करीब 5:20 पर बैठक समाप्त हुई।
विज्ञापन

खामियों पर अधिकारियों से मांगा जवाब
सर्वप्रथम जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से दीपिका सारासर ने अपना लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। सीडीपीओ गीता सहारण ने आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना के तहत आए आवेदनों के निपटान की जानकारी दी। पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जसवंत जून ने सरकार द्वारा पशुपालकों के हित में चलाई गई योजनाओं के तहत आए आवेदनों और उनके निपटान के बारे में बताया। टीसी गुप्ता ने बिजली निगम के एसई और एक्सईएन को शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग का स्कोर कार्ड स्क्रीन पर दिखाया गया और खामियों पर अधिकारियों से जवाब मांगा।
दया को बोलो गांव वालों पर दया करे
बैठक में एक कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक ने इमलोटा क्षेत्र की आंगनबाड़ी वर्कर दया के खिलाफ टीसी गुप्ता से शिकायत की। उक्त सीएससी संचालक ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को नहीं दी जा रही है जिसके चलते पात्र लोग इनका लाभ नहीं उठा पा रहे। इस पर टीसी गुप्ता ने कहा कि दया को बोलो गांव वालों पर दया करे।
साहब! मेरे मीटर से बिजली बरत रहा पड़ोसी, बिल मैं भर रहा
शहर निवासी शिव कुमार ने बिजली निगम को लेकर बैठक में शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि मेरे मीटर से तार जोड़कर पड़ोसी बिजली बरत रहा है जबकि बिल निगम मुझे भेज रहा है। कई बार शिकायत कर चुका हूं। इस पर टीसी गुप्ता ने बिजली निगम एक्सईएन को शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
राइट-टू-सर्विस एक्ट के दायरे में आते हैं 16 विभाग
16 सरकारी विभाग राइट-टू-सर्विस एक्ट के दायरे में हैं। दादरी जिले के स्कोर कार्ड की बात करें तो 9.4 है। वहीं, 16 में से सात विभागों का स्कोर कार्ड 10, चार का 9 से 10 के बीच है। दो का 8 से और एक विभाग का स्कोर कार्ड 6 से कम है। वहीं, दो विभागों का स्कोर कार्ड शून्य है।
कमीशन आयुक्त के सामने रखी गईं समस्याएं
- चांग रोड निवासी विजयपाल ने बिजली निगम से संबंधित शिकायत की। उन्होंने बताया कि गांव जगमग योजना में शामिल है लेकिन इसके बाद भी 24 घंटे बिजली नहीं मिल रही। एक्सईएन ने बताया कि यहां लाइन लॉस 45 फीसदी है और इसके चलते पावर कट लगाए जा रहे हैं।
- निवर्तमान पार्षद रविंद्र और महेश गुप्ता ने सीवर और पेयजल से संबंधी समस्याएं रखीं। उन्होंने दादरी के लिए अलग से सुपर शकर मशीन मुहैया करवाने की भी मांग की और तब तक किराये पर ली गई सुपर शकर मशीन को दादरी में ही रखने की बात कही। उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला।
- शहर निवासी विनय कुमार ने बिजली निगम से जुड़ी शिकायत रखते हुए कहा कि प्रिंटर खराब होने से बिल सही नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं, गांधी नगर के लोगों ने लटकती बिजली तारों की शिकायत भी की। भैरवी निवासी एक व्यक्ति ने कहा कि उसने एक मीटर के लिए आवेदन किया था लेकिन निगम ने दो लगा दिए और दोनों का बिल उसके पास भेजा जा रहा है।
इन शिकायतों पर 7 से 15 दिन में मांगी एक्शन रिपोर्ट
पड़ोसी के बिजली बरतने के मामले में टीसी गुप्ता ने सात दिन के अंदर बिजली निगम से एक्शन रिपोर्ट मांगी है। वहीं, आंगनबाड़ी वर्कर की शिकायत करने पर हर 15 दिन बाद एसडीएम को बैठक लेने के निर्देश दिए। मकड़ाना फीडर पर शेड्यूल के विपरीत शाम के समय लगने वाले बिजली कट को लेकर मुख्य आयुक्त ने सात दिन के अंदर रिपोर्ट तलब की है।
फोटो 22 : जनता कॉलेज सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी और मौजिज लोग और शिकायतकर्ता।
फोटो 23
बैठक को संबोधित करते राइट-टू-सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता व साथ में मौजूद डीसी प्रदीप गोदारा और एसपी विनोद कुमार।

बैठक को संबोधित करते राइट-टू-सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता व साथ में मौजूद डीसी प्रदी?- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें