चरखी दादरी। वार्ड-14 में चरमराई सीवर व्यवस्था का हाल मानसून की पहली ही बारिश के बाद और बुरा हो गया। यहां मुख्य सड़क के अलावा चार गलियों में काफी दूरी तक दूषित पानी भरा है। मुख्य सड़क पर करीब दो फुट तक पानी भरा है, जिसकी निकासी बारिश के तीन दिन बाद भी नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि जलभराव के चलते उनमें जलजनित बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
वार्ड में ब्लॉक सीवर लाइनें बैक मार रही हैं। इससे दूषित पानी गलियों में बने घरों के अंदर तक पहुंच रहा है। समस्या से परेशान वार्डवासियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सीवर समस्या से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
वार्ड-14 निवासी दीपक, ऊषा, विनोद, लोकेश, रामकिशन, धर्मेंद्र, सुरेश, नरेश, संजीव और सुदेश आदि ने बताया कि उनके वार्ड में सीवरेज व्यवस्था बेपटरी होने से लोग परेशान हैं। सीवर ब्लॉक होने के चलते लाइनें बैक मार रही हैं और दूषित पानी सड़क के बाद अब मकानों के अंदर तक पहुंचने लगा है। लोगों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से वार्ड के हालात खराब बने हुए है, लेकिन विभाग को इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं, पार्षद सतबीर सिंह चौहान का कहना है कि वो जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा एसडीएम अनिल यादव को समस्या से अवगत करवा चुके हैं। जल्द ही समाधान होने की उम्मीद है।
वार्ड में चार साल से बनी है सीवर व्यवस्था
लोगों का कहना है कि उनके वार्ड में पिछले चार साल से सीवर व्यवस्था बेपटरी है। इसके चलते मानसून सीजन बिना भी सड़कों व गलियों में दूषित पानी भरा रहता है। बारिश के दौरान में पानी का स्तर काफी बढ़ जाता है और आवागमन में दिक्कतें होती हैं।
वातावरण बना दुर्गंधमय, घरों में रहना हुआ मुश्किल
वार्ड निवासी सुशीला, राजेश, बीना, सावित्री, फूलपति, निशा, रोहताश, धर्मेंद्र व विजय ने बताया कि महेंद्रगढ़ व लोहारु रोड से जुड़ाव करने वाली मुख्य सड़क समेत ईदगाह बूस्टिंग स्टेशन और दशनामी अखाड़े के पास दूषित पानी भरा है। इसके चलते वातावरण दुर्गंधमय बना हुआ है और लोगों का घरों के अंदर रहना मुश्किल हो गया है।
जलभराव से वार्ड के लोग परेशान हैं और मैं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा एसडीएम को भी स्थिति से अवगत करवा चुका हूं। विभाग को जल्द से जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।
सतबीर चौहान, पार्षद, वार्ड-14
शहर के ज्यादातर हिस्सों से पानी की निकासी हो चुकी है। वार्ड-14 में समस्या के समाधान के लिए लाइन डालने का काम शुरू हो चुका है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
बीके चावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग