चरखी दादरी। जिले में सोमवार सायं हुई बारिश के बाद प्रशासन की नजर शहर में जलभराव और सीवर व्यवस्था की स्थिति पर बनी रही। इसकी बानगी देर रात बारिश कम होते ही देखने को मिली। स्वयं एसडीएम नवीन कुमार पानी निकासी की व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतरे। उन्होंने पंपिंग स्टेशन के साथ एसटीपी का भी जायजा लिया।
डीसी मनदीप कौर के आदेश पर एसडीएम रात करीब आठ बजे पानी का उठान करने के लिए रखी गईं मोटरों की जमीनी हकीकत जांचने के लिए अपने आवास से निकले। उन्होंने घिकाड़ा मोड़ पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया और करीब 10 मिनट तक यहां रुके। उन्होंने यहां तैनात दो कर्मचारियों से पानी निकासी की व्यवस्था जानी। कर्मचारियों ने बताया कि पानी उठान के लिए मोटरें चल रही हैं। इसके बाद एसडीएम नवीन कुमार ने अन्य जगहों पर जाकर व्यवस्थाएं जांची और अपनी रिपोर्ट डीसी मनदीप कौर को दी।
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि जब वो समसपुर एसटीपी पर पहुंचे तो वहां जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जगदीशचंद्र अपनी टीम के साथ मौजूद मिले। एसडीएम ने एसटीपी पर मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को जल निकासी के लिए सभी मोटरें चालू रखने के आदेश दिए। इसके बाद एसडीएम तिकोना पार्क पंपिंग स्टेशन व चिड़िया रोड एसटीपी पर भी पहुंचे। वहां सभी मोटरें चलती मिलीं जबकि कर्मचारी भी अपना कार्य करते मिले।
बारिश के बीच रात आठ बजे से साढ़े 9 बजे तक शहर का दौरा किया गया। शहर में कही जलभराव नहीं मिला और सभी मोटरें चलती मिलीं। सभी कर्मचारी भी ड्यूटी पर मौजूद मिले और निरीक्षण के दौरान कोई अव्यवस्था नहीं मिली।
नवीन कुमार, एसडीएम, दादरी