चरखी दादरी। डेढ़ साल बाद राजकीय स्कूलों में फिजिक्स, केमिस्ट्री व बायोलॉजी की आधुनिक लैब खुलने का रास्ता साफ हो गया है। इन लैब के लिए जिले के छह स्कूलों का चयन किया गया है। इस प्रोजेक्ट पर शिक्षा विभाग 1.86 करोड़ का बजट खर्च करेगा और इसके लिए वर्क ऑर्डर हो गए हैं। जल्द ही लैब निर्माण की कवायद शुरू हो जाएगी और इसका लाभ इन छह स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1300 विद्यार्थियों को मिलेगा।
यह सुविधा मिलने से छात्र प्रैक्टिकल वर्क कर सकेंगे। साइंस फैकल्टी वाले सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में यह लैब शुरू होंगी। नाबार्ड के तहत इसके लिए बजट खर्च किया जाना है। इन छह स्कूलों का चयन छात्र संख्या, गांव की आबादी व भवन का आकलन करने के बाद किया गया है। जिले में सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की संख्या 50 है। शिक्षा विभाग शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। स्कूलों में आवश्यक शिक्षण सुविधाएं मुहैया करवाए जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि छात्रों को शिक्षण में असुविधा न हो और वे विषय का पूर्ण ज्ञान प्राप्त कर सकें। शिक्षा विभाग ने खासकर आठवीं कक्षा तक हिंदी, अंग्रेजी व गणित विषयों में छात्रों की पकड़ बढ़ाने के लिए सक्षम एवं सक्षम प्लस योजना पर भी काम किया है। इसके तहत थर्ड पार्टी एजेंसी की ओर से परीक्षा लेकर गुणवत्ता का स्तर जांचा गया है।
शिक्षा विभाग ने छात्रों और शिक्षकों की सुविधा को देखते हुए बौंदकलां में ब्लॉक शिक्षा कार्यालय भी पिछले दिनों शुरू कर दिया है। इसी प्रकार पिछले दिनों सरकार की ओर से मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लाइब्रेरी खोले जाने के लिए भी प्रपोजल तैयार करवाया जा चुका है। लाइब्रेरी के साथ स्कूलों में लाइब्रेरियन की नियुक्ति की भी सख्त जरूरत है।
इन स्कूलों में खुलेंगी लैब -
अब सरकार साइंस फैकल्टी के स्कूलों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की लैब खोलने के लिए बजट जारी कर दिया है। हैड ऑफिस पंचकूला की ओर से जिला में छह स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में राजकीय स्कूल हड़ोदी, राजकीय स्कूल पिचौपा कलां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिरही कलां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पैंतावास कलां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौरंगाबास राजपूतान व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छपार शामिल हैं।
एक लैब पर 31 लाख का बजट होगा खर्च -
नाबार्ड की ओर से इस प्रोजेक्ट पर बजट खर्च किया जाना है। इसके लिए बजट राशि जारी कर दी गई है। प्रत्येक स्कूल लैब पर 31 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इस प्रकार इन सभी छह स्कूलों में 1.86 करोड़ का बजट खर्च होना है। इस प्रोजेक्ट के वर्क अलॉट हो गया है। कुछ ही दिन में काम शुरू हो जाएगा। लैब में साइंस के सभी टॉपिक से जुड़ी प्रायोगिक सामग्री उपलब्ध होगी, ताकि विद्यार्थी प्रयोग करके सीख सकें। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए सरकार व विभाग इस दिशा में काम कर रहे हैं। लैब की सुविधा मिलने से शिक्षकों को भी शिक्षण में सुविधा हो सकेगी।
वर्जन::
स्कूलों में लैब निर्माण के लिए वर्क अलॉट हो गए हैं। छह स्कूलों का चयन किया गया है। चयन में स्कूल में छात्र संख्या, गांव की आबादी को फोकस किया गया है।
- जयवीर सिंह, एसडीओ, समग्र शिक्षा।