चरखी दादरी में चलती स्कूल बस में लगी आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
चरखी दादरी में कुब्जानगर के समीप शुक्रवार सुबह चलती स्कूल बस में शॉर्ट-सर्किट के चलते आग लग गई। घटना के समय बस में 12 विद्यार्थी सवार थे जिन्हें चालक-परिचालक ने बस रोककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामले की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, कांहड़ा स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल की बस शुक्रवार सुबह पिचोपा कलां और कुब्जानगर रूट के बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। साढ़े सात बजे बस जब कुब्जानगर के पास पहुंची तो संदिग्ध परिस्थितियों में शॉर्ट-सर्किट होने से बस में आग लग गई। चालक महिपाल ने आग की लपटें उठती देख तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में सवार सभी 12 विद्यार्थियों को बाहर निकाला और बस से दूर पहुंचा दिया। घटना के दौरान बस में कोई शिक्षक सवार नहीं था। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जो फैल कर बस के पिछले हिस्से तक जा पहुंची।
वहीं, आग की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे जबकि चालक-परिचालक ने स्कूल प्रबंधन समिति को हादसे की जानकारी दी। कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक बस को काफी नुकसान पहुंच चुका था।
दूसरे वाहन से स्कूल भेजे विद्यार्थी
घटना का पता चलते ही स्कूल प्रबंधन समिति ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर दूसरा वाहन भेजा। यह वाहन विद्यार्थियों को लेकर स्कूल पहुंचा। वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति ने चालक व परिचालक की सूझबूझ और तत्परता दिखाने के लिए तारीफ की।
शॉर्ट-सर्किट के चलते बस में आग लगी। उस दौरान बस में 12 विद्यार्थी थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी बच्चे को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। - अमित जाखड़, निदेशक, श्रीराम पब्लिक स्कूल