फोटो - 35 माइनर के जीर्णोद्धार का शुभारंभ सांसद धर्मबीर सिंह व मौजूद विभाग अधिकारी।
- फोटो : CharkhiDadri
बाढड़ा। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने गांव बधवाना और धनासरी माइनर के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सात करोड़ रुपये से होगा पांच नहरों का पुनर्निर्माण होगा।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा है कि दक्षिण हरियाणा के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी दिलवाना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि नहरी तंत्र मजबूत होगा तो इसका सीधा लाभ कृषि क्षेत्र को मिलेगा। उन्होंने कहा कि नहरी पानी की उपलब्धता से किसान अपनी खेती और उपज के प्रति आश्वस्त रहता है। सांसद ने बताया कि धनासरी माइनर के निर्माण कार्य पर 85 लाख 78 हजार रुपये व बधवाना माइनर के निर्माण पर 84 लाख दो हजार की राशि खर्च की जाएगी। पांच नहरों पर करीब सात करोड़ की धनराशि खर्च होगी। बधवाना और धनासरी माइनर के पुनर्निर्माण से नहरों में पानी की क्षमता बढ़ेगी और गांव पालड़ी, बालरोड़, बधवाना, कादमा व धनासरी के किसानों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि कम पानी में अधिक पैदावार लेने के लिए किसान अपने खेत में सामुदायिक टैंक बनाकर ड्रिप सिस्टम, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति का प्रयोग कर सकते हैं। ऐसी स्कीमों पर सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। सांसद ने सतनाली क्षेत्र में एक करोड़ 97 लाख की लागत से बास डिस्ट्रीब्यूटरी, एक करोड़ 58 लाख की लागत से ढाणा माइनर व 94 लाख 60 हजार की लागत से सुरहेती माइनर के पुनर्निर्माण का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर महेंद्रगढ़ कैनाल डिविजन के अधीक्षण अभियंता राजेश खत्री, सहकारी बैंक भिवानी के चेयरमैन सुधीर चांदवास, कार्यकारी अभियंता आनंद श्योराण, अशोक, बलबीर, संदीप, पूर्व सरपंच सुरेश धनासरी, रामकुमार, नरेंद्र, सुनील, जगबीर, रणबीर, राजेश आदि मौजूद रहे।