चरखी दादरी। बाढड़ा उपमंडल स्तर पर दमकल विभाग की सेवाएं शुरू हो गई हैं। विधायक नैना सिंह चौटाला की मांग पर उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने इस संबंध में आदेश जारी किए। उनके आदेश अनुसार अग्निशमन दल की एक गाड़ी अब बाढड़ा एसडीएम के अधीन सेवाएं देगी।
गौरतलब है की बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं घटित होने की स्थिति में फायर स्टेशन नहीं होने के कारण दादरी या भिवानी स्थित फायर स्टेशनों से सहायता ली जाती है, लेकिन लंबी दूरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने में बहुत समय लगता था और जान व माल का काफी नुकसान हो जाता था। फसल पकाई के समय में तो फसल में लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने तक किसान की फसल जलकर राख हो जाती थीं। इन समस्याओं को समझते हुए विधायक नैना सिंह चौटाला ने जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा को दादरी फायर स्टेशन से एक गाड़ी आगामी आदेश तक बाढड़ा उपमंडल मुख्यालय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा बाढड़ा में फायर सेवाएं शुरू करवा दी हैं।
जल्द शुरू होगा फायर स्टेशन का निर्माण: नैना चौटाला
विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा कि बाढड़ा में फायर स्टेशन बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। फायर स्टेशन बनाने के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भूमि का चयन होते ही फायर स्टेशन निर्माण के लिए आवश्यक बजट भी जारी करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।