चरखी दादरी। बारिश की झड़ी के बीच शहर की करीब 200 स्ट्रीट लाइट खराब हो गई है। इसके चलते रातभर कॉलोनियों व बाजारों में अंधेरा छाया रहता है। इसके साथ ही रात के समय अंधेरे में चोरी या अन्य आपराधिक घटनाओं के होने का भी अंदेशा बना रहता है। शहर में इस समय चार हजार स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं, जबकि करीब 700 से ज्यादा मास्क व अन्य प्रकार की लाइट लगी हुई हैं। दुकानदारों व आम लोगों ने नगर परिषद से लाइटें ठीक करवाए जाने की मांग की है।
शहर के 21 वार्डों के तहत करीब 50 कालोनियां हैं। इन कालोनियों में रात के समय स्ट्रीट लाइट के जरिये ही रोशनी की व्यवस्था है। कॉलोनियों के अलावा सार्वजनिक भागों में लगी सैकड़ों लाइट भी सही रखरखाव नहीं होने से अकसर खराब रहती है। कहीं लाइटों के स्विच खराब हैं, तो कही तार टूटे पड़े हैं। तीन दिन से बारिश की झड़ी के बीच में शहर की करीब 200 लाइट खराब हो गई है। इसके चलते लोगों को अंधेरे में आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
नई कॉलोनियों में लाइटों की जरूरत
इस समय शहर की नई कॉलोनियों में और लाइटें लगाए जाने की जरूरत है। इन कॉलोनियों को पिछले तीन साल से ही वैधता मिली है। इन नई कॉलोनियों में करीब 150 से अधिक लाइट की जरूरत है। पुरानी कॉलोनियों में भी कंडम हो चुकी करीब 200 लाइटों को बदलने की जरूरत
है। शहर की पूर्ण मार्केट के प्रधान संदीप फौगाट का कहना है कि बाजारों व कॉलोनियों में लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे दुकानों में चोरी की घटनाएं होने का भी अंदेशा बना रहता है। परिषद को जल्द से जल्द लाइट बदलवानी चाहिए।
जो भी लाइट खराब होती है उसे ठीक करवा दिया जाता है। इसके लिए स्पेशल टीम बना रखी है। अब बारिश में लाइटें खराब हुई है, तो जांच करवाकर ठीक करवाया जाएगा।
लाइट इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, नगर परिषद