- शहर के कोर्ट रोड, रोहतक रोड, लोहारू रोड और काठमंडी रोड पर बने गड्ढे, वाहन चालक और राहगीर झेल रहे परेशानी
सड़कों पर 10 से 20 मीटर बाद बने गड्ढे, दोपहिया वाहन चालक हो रहे हादसों के शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मानसून की बारिश से शहर की सड़कों में तमाम गड्ढे बन गए हैं। वहीं, कुछ सड़कों में बने गड्ढों में पानी भरने से चालकों को हादसों का डर बना रहता है। शहरवासियों ने सड़कों को दुरुस्त करवाने की मांग की है।
मानसून आने से पहले शहर में स्टाॅर्म वाटर, सीवर और पेयजल परियोजना के तहत पाइपलाइन दबाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं। हालांकि, पाइपलाइन बिछाने के बाद विभाग ने सड़क के खोदे गए हिस्से में इंटरलॉक टाइलें लगवा दी थीं। इसके बावजूद आवागमन में लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। वहीं, अब मानसून की बारिश ने शहर की मुख्य सड़कों का स्वरूप बिगाड़ दिया है। सड़कों में हर 10 से 20 मीटर के बाद गड्ढे बने हैं।
रविवार को शहर की चार मुख्य सड़कों का जायजा लिया गया तो चारों सड़कों पर एक हजार से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे मिले। तीन जगहों पर गड्ढों में पानी भरा मिला। इसके चलते वाहन चालक परेशान हो रहे थे। शहरवासियों और वाहन चालकों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि इस समय शहर की सड़कों से गुजरना दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरे से खाली नहीं है। प्रशासन को तत्काल इस तरफ ध्यान देना चाहिए।
किस सड़क के क्या हैं हालात, लोग कितनी झेल रहे परेशानी
1- काठमंडी रोड : लाला लाजपतराय चौक से काठमंडी की तरफ जाने वाली सड़क के बीच पाइपलाइन बिछाने के बाद यहां मरम्मत कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है। उखाड़ी गई सड़क पर बिछाई गई इंटरलॉक टाइलों का लेवल सही नहीं है। वहीं, कई स्थानों पर एजेंसी इंटरलॉक टाइलें लगी ही नहीं। इसके कारण लगभग 300 मीटर लंबी सड़क के बीच 50 से अधिक गड्ढे बने हुए हैं।
2- कोर्ट रोड : करीब छह माह पहले जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन बिछाने के लिए कोर्ट रोड को उखाड़ा था। परशुराम चौक से लेकर कोर्ट गेट के सामने तक सड़क खोदकर पाइपलाइन डाली गई। इस हिस्से के अलावा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र और लाला लाजपतराय चौक के समीप सड़क में गड्ढे बने हुए हैं। यह शहर के व्यस्त मार्गाें में से एक है। तमाम अधिकारियों समेत प्रतिदिन 15000 से ज्यादा लोग यहां से गुजरते हैं।
3- सरदार झाडू सिंह चौक रोड : भगवान परशुराम चौक से सरदार झाडू सिंह को जाने वाली मुख्य सड़क की हालत भी काफी दयनीय है। सड़क पर बने गड्ढे व खुला पड़ा सीवर मैनहोल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का सबब बना हुआ है। थोड़ी बारिश होने पर ही सड़क पानी से लबालब हो जाती है। यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक अक्सर यहां गिरकर घायल होते रहते हैं। करीब 200 मीटर लंबे मार्ग से प्रतिदिन करीब पांच हजार से ज्यादा लोगों को आवागमन होता है।
4- मेजबान चौक से हुडा सेक्टर रोड : मेजबान चौक से हुडा सेक्टर की तरफ जाने वाली सड़क की लंबाई करीब 300 मीटर है। यहां से प्रतिदिन दयानंद कॉलोनी और सिविल अस्पताल के पिछली तरफ बने घरों में रहने वाले लोगों समेत दो हजार से ज्यादा राहगीर गुजरते हैं। मौजूदा स्थिति देखें तो मेजबान चौक से लेकर दयानंद कॉलोनी मोड़ तक सड़क से तारकोल की परत गायब है। जर्जर सड़क पर कीचड़ है।
वर्सन :
हमारे अधीन आने वाली जर्जर सड़कों की दशा जल्द सुधार देंगे। जिन सड़कों के पुनर्निर्माण की दरकार होगी, उनका मानसून सीजन और आदर्श आचार संहिता हटने के बाद एस्टीमेट तैयार करवाकर उच्चाधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
-अश्वनी भारद्वाज, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग
फोटो : 11
काठमंडी रोड पर उखड़ीं रोड़ियां।
फोटो 12
शहर के कोर्ट रोड पर बना गड्ढा और भरा पानी। संवाद
फोटो 13
परशुराम चौक से सरदार झाडू सिंह चौक की तरफ जाने वाली सड़क पर उखड़ीं रोड़ियां। संवाद
फोटो 14
मेजबान चौक से हुडा सेक्टर की तरफ जाने वाली सड़क जर्जर। संवाद