- पीड़ितों से पेंसिल पैकिंग का काम देने व न्यूड वीडियो हटाने के बहाने की गई थी ठगी, साइबर थाना पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत पर दर्ज किए थे केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। साइबर थाना पुलिस ने जिले के दो व्यक्तियों से साइबर ठगी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान किशनगढ़ बास के बाघोड़ा गांव निवासी राहुल खान और अलवर के आकोदा सिक्का निवासी जुबेर खान के रूप में हुई है। इनमें से पुलिस ने रविवार को राहुल को अलवर से और जुबेर को जयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि आरोपी राहुल ने न्यूड वीडियो यूट्यूब पर वायरल करने का डर दिखाकर 29,250 रुपये ठगे थे। वहीं, जुबेर ने दिल्ली में पेंसिल पैकिंग के काम का झांसा देकर रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए थे। इस मामले में कार्रवाई कर पुलिस ने रविवार को सफलता हासिल की। अब दोनों आरोपियों को पुलिस अदालत में पेश कर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। साथ ही अपराध में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल करेगी।
कब और कैसे की गई थी ठगी
केस-1
खोरडा निवासी व्यक्ति से 29 मार्च को की गई थी ठगी
गांव खोरड़ा निवासी प्रदीप ने 3 अप्रैल को साइबर पुलिस थाने में शिकायत दी थी। इसमें उसने बताया था कि 29 मार्च को उसके पास व्हाट्सएप पर एक न्यूड वीडियो कॉल आई थी। इसमें एक लड़की बात कर रही थी। अगले दिन उसके पास दो बार फोन आया और उन्होंने स्वयं को क्राइम ब्रांच से बताया। उसने कहा कि आपकी तीन न्यूड वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो रही हैं। इन्हें हटवाना है तो दिए गए नंबर पर बात कर लो। इसके बाद पीड़ित से 29,250 रुपये ठगे गए।
केस-2
काकड़ोली सरदारा निवासी व्यक्ति से एक अप्रैल को की गई ठगी
गांव काकड़ोली सरदारा निवासी रामबिलास ने पुलिस को तीन अप्रैल को शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने बताया कि एक अप्रैल को उनके पास व्हाट्सएप पर एक पेंसिल पैकिंग का काम करने का फोन आया। उसने कहा कि इसके लिए 600 रुपये पंजीकरण फीस लगेगी। बाद में रुपये वापस मिल जाएंगे। इसके बाद उसने पंजीकरण करा लिया और आरोपियों ने बिजनेस कोड देने, माल पहुंचाने संबंधी बहाने बनाकर उससे कुल 1,05,550 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। बाद में फ्रॉड का पता चलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
फोटो - 37
पुलिस गिरफ्त में ठगी करने के दोनों आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग