मुहिम के तहत चालक का चालान करता पुलिस कर्मचारी।
चरखी दादरी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ बुधवार को जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत 17 चेकिंग पोस्ट पर 1341 वाहन रुकवाकर दस्तावेजों की जांच की गई। खामियां मिलने पर इनमें से 345 चालकों के चालान किए गए। अभियान के तहत पुलिस ने 9 स्थायी नाके लगाए। मुहिम में 350 पुलिस कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 19 टीमों ने बाजारों में पैदल गश्त कर वाहनों के दस्तावेज जांचे और अधूरे दस्तावेज मिलने पर चालान काटने की कार्रवाई की।
प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लेन ड्राइविंग और गलत दिशा में ड्राइविंग को लेकर स्पेशल अभियान चलाया गया। इसके तहत आमजन को यातायात के नियमों की पालन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए गए।
पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने कर्मचारियों को निर्देश दिए है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात के नियमों का पालन दृढ़ता से करवाया जाएं। मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित गति सीमा व बाई लेन में न चलकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान किए जाए।