देह व्यापार की सूचना पर पुलिस टीम ने होटल में दी दबिश
जांच के दौरान देह व्यापार जैसी बात नहीं आई सामने, कमरों में मिले युवक-युवतियों को पूछताछ के बाद छोड़ा
चरखी दादरी। बस स्टैंड रोड स्थित एक होटल में देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद महिला कर्मचारियों समेत पुलिस टीम ने दबिश दी। जांच के दौरान देह व्यापार जैसी बात तो सामने नहीं आई, लेकिन होटल के कमरों में पुलिस टीम को प्रेमी जोड़े जरूर मिले। उन्हें पुलिस टीम अपने साथ थाने ले आई और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि रोज गार्डन के समीप एक होटल में देह व्यापार हो रहा है। इस आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। पुलिस टीम पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मचारियों ने होटल में जाकर कमरों की तलाशी ली तो वहां प्रेमी युगल मिले। पुलिस टीम उन्हें पीसीआर में बैठाकर थाने ले आई। इससे पहले होटल के काउंटर पर रिकॉर्ड और कमरे लेने वालों की आईडी भी जांची गई। थाने में पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रेमी जोड़ों को छोड़ दिया। सिटी थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि दबिश के दौरान देह व्यापार जैसी कोई बात सामने नहीं आई।
----