चरखी दादरी। हरियाणा पुलिस सब इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा 26 सितंबर होनी तय है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने वीरवार से बसों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी। 25 सितंबर तक परीक्षार्थी बस स्टैंड पहुंचकर बुकिंग करवा सकते हैं। वीरवार को 250 परीक्षार्थियों ने बसों में सीट बुक करवाई।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार अब तक पांच बसों की एडवांस बुकिंग पहले ही दिन पूरी हो गई। शुक्रवार को इससे कहीं ज्यादा परीक्षार्थियों के बस स्टैंड परिसर पर पहुंचने की उम्मीद है। सब इंस्पेक्टर परीक्षा के लिए जिले के उम्मीदवारों के लिए पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, पानीपत, फरीदाबाद, करनाल, गुरुग्राम में सेंटर बनाए गए हैं। बुधवार को परीक्षा के मद्देनजर जीएम रविश हुड्डा ने बस स्टैंड परिसर पर वीरवार से एडवांस बुकिंग शुरू करने के निर्देश दिए थे। एक स्पेशल बूथ पर सुबह दस से शाम चार बजे तक एडवांस बुकिंग की जा रही है। इसके लिए पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
सब इंस्पेक्टर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा दो शिफ्ट में होना है। सुबह की शिफ्ट में पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद और करनाल जबकि शाम की शिफ्ट में यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल व पानीपत में परीक्षा होगी। पहले दिन जिन उम्मीदवारों ने एडवांस बुकिंग करवाई है उनमें ज्यादातर का पेपर सुबह की शिफ्ट में है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थियों की एडवांस बुकिंग के आधार पर ही परीक्षा केंद्रों पर बसों की संख्या तय की जाएगी।
यूं करवा सकते हैं एडवांस बुकिंग
एडवांस बुकिंग करवाने के लिए परीक्षार्थियों को लंबी-चौड़ी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं है। इसके लिए उन्हें बस स्टैंड पर पहुंचकर निर्धारित काउंटर पर जाना होगा। यहां उन्हें कतार में लगना पड़ेगा और बारी आने पर जिस जिले में उसका परीक्षा केंद्र है उसका ब्योरा और कर्मचारी को पेमेंट करनी होगी। कर्मचारी उसे टिकट थमा देगा और उसकी एडवांस बुकिंग कर बस का समय भी बता दिया जाएगा। बता दें कि करीब पांच दिन पहले आयोजित महिला सिपाही भर्ती के लिए रोडवेज ने ढाई हजार से अधिक उम्मीदवारों को समय पर विभिन्न जिलों के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया था।
परीक्षार्थियों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि सभी परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए हमने वीरवार से एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है जो शनिवार शाम तक चलेगी। सुबह दस से शाम चार बजे तक एडवांस बुकिंग करवाई जा सकती है।
- रविश हुड्डा, जीएम, चरखी दादरी डिपो