चरखी-दादरी के शहर के रोहतक रोड स्थित एक गोदाम से 60 किलोग्राम काजू चोरी हो गए। चोरी होने की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। गोदाम मालिक की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने 9 महिलाओं पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भीम सैनी ने बताया कि वह शहर के वार्ड 7 का निवासी है। शहर के पुराना बस स्टैंड के पास उनका राजल हलवाई नामक मिष्ठान भंडार है। इसके लिए उन्होंने रोहतक रोड पर एक गोदाम बनाया हुआ है और मिठाई बनाने के लिए वे सारा सामान गोदाम में रखते हैं।
19 अक्तूबर को उन्होंने गोदाम से सामान निकाला था और सामान लेकर दुकान पर आ गए। इस दौरान दुकान के कर्मचारी गोदाम को ताला लगाना भूल गए। इसके बाद 22 अक्तूबर को वे गोदाम में सामान लाने के लिए गए तो दरवाजा खुला मिला। बाद में उन्होंने अपने कर्मचारियों से ताला न लगाने के बारे में पूछताछ की। गोदाम में सामान की जांच करने पर उन्हें काजू के टीन नहीं मिले। बाद में उन्होंने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि 19 अक्तूबर को ही कुछ महिलाएं गोदाम में आई थी। बाद में उन्होंने गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी की जांच की।
इसमें सड़क से कचरा बीनने वाली कुछ महिलाएं आती दिखाई दी। इसमें एक-एक कर महिलाएं गोदाम में जाती हैं जबकि कुछ निगरानी के लिए बाहर खड़ी रहती हैं। इसके बाद अपने कूड़ा बीनने के प्लास्टिक कट्टे में टीन समेत काजू लेकर आती हैं। बाद में मुख्य रोड पर ई-रिक्शा में बैठकर चली जाती हैं। अब संचालक की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके से फिंगरप्रिंट लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।