चरखी दादरी। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने शुक्रवार रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस ने जिले में 27 जगहों पर नाकाबंदी कर 600 वाहनों की जांच की। मुहिम के तहत पुलिस टीमों ने दो सट्टा खाइवालों को भी दबोचा है। उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। एसपी दीपक गहलावत ने स्वयं नाइट डोमिनेशन अभियान में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार और एसपी दीपक गहलावत के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। इसके तहत रात दस से सुबह चार बजे तक पुलिस टीमें सड़कों पर तैनात रहीं। प्रत्येक थाना के क्षेत्र अनुसार अपराध की रोकथाम के लिए सभी पर्यवेक्षण अधिकारी और थाना व चौकी प्रभारियों ने गश्त की और महिला पुलिस ने भी अभियान में उपस्थिति दर्ज करवाई।
नाइट डोमिनेशन के दौरान जिला पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहनता से जांच की। 80 सार्वजनिक स्थानों की चैकिंग के अलावा पुलिस ने जिले से गुजरने वाले 600 वाहनों को रुकवाकर दस्तावेजों की जांच की और वाहनों की तलाशी ली। मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की उल्लंघन करने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक को जब्त किया गया। नाइट डोमिनेशन के दौरान 9 लोगों के पर्चे अजनबी काटे गए। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो सट्टा खाइवालों को गिरफ्तार कर 2160 रुपये बरामद किए।