नाइट डोमिनेशन : नाकों पर जांचे 852 वाहन, सात आरोपी गिरफ्तार
रात 10 से सुबह चार बजे तक 80 फीसदी पुलिस फोर्स सड़कों पर रही तैनात, पुलिस जवानों की मुस्तैदी का एसपी ने किया निरीक्षण
चरखी दादरी। अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने वीरवार रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इसके तहत रात दस से सुबह चार बजे तक जिले की 80 फीसदी पुलिस फोर्स सड़कों पर मुस्तैद रही। अभियान के दौरान जिला पुलिस को कुछ सफलताएं भी मिलीं। नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 852 वाहनों की जांच की जबकि अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, जिला पुलिस कप्तान ने देर रात निरीक्षण कर पुलिस जवानों की मुस्तैदी भी जांची।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर और जिला पुलिस कप्तान दीपक गहलावत के मार्गदर्शन में वीरवार रात पुलिस ने नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। अभियान में सभी थाना और चौकी स्टाफ समेत महिला पुलिस ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। पुलिस फोर्स ने रात्रि गश्त के साथ नाकाबंदी की। प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस ने अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहनता से जांच की। जिला में तैनात सभी राइडर और पीसीआर ने प्रभावी रुप से गश्त की। नाइट डोमिनेशन के दौरान जिला में 24 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहनता से जांच की गई और 65 सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने तलाशी अभियान चलाया।
मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की उल्लंघन करने पर 10 वाहनों के चालान किए गए जबकि 21 लोगो के पर्चे अजनबी काटे गए। नाइट डोमिनेशन के दौरान जिला पुलिस चरखी दादरी द्वारा दो व्यक्तियो पर अवैध शराब रखने पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करके 25 बोतल देसी शराब बरामद की। दो व्यक्तियों को सरेआम सट्टा खाइवाली करने पर गिरफ्तार किया गया और उनसे 4700 रुपये बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
बिना लाइसेंस होटल पर पिलाई शराब, कारिंदे समेत तीन काबू
लोहारूरोड पर भैरवी के समीप स्थित एक होटल से पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को काबू किया। इनमें होटल का कारिंदा भी शामिल है। कारिंदे को बिना परमिट या लाइसेंस के शराब पिलाने पर और दो युवकों को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने पर गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
वर्जन::
जिला पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने के लिए व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए समय- समय पर इस प्रकार के अभियान चला रही है। भविष्य में भी ये मुहिम लगातार जारी रहेगी।
दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी
---