चरखी दादरी। निकाय चुनाव के मद्देनजर भरे गए नामांकन फार्मों की सोमवार को छंटनी की गई। टीम द्वारा जांच के दौरान सभी 87 नामांकन फार्म सही पाए गए। इनमें 75 फार्म पार्षद पद और 12 चेयरमैन पद के प्रत्याशियों के हैं। प्रत्याशियों के पास नामांकन फार्म वापस लेने के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक का समय है और उसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
दादरी नगर परिषद चुनाव के लिए गत 30 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। चार जून नामांकन की अंतिम तारिख थी और इस समय अविध तक 75 प्रत्याशियों ने पार्षद के लिए जबकि 12 ने चेयरमैन के लिए नामांकन फार्म भरकर जमा करवाया था। चुनाव शेड्यूल अनुसार मंगलवार को प्रत्याशियों के नामांकन फार्मों की जांच की गई। जांच के दौरान चेयरमैन के दावेदारों के नामांकन सही पाए गए जबकि कुछ पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन फार्म में थोड़ी खामियां मिलीं, जिन्हें प्रत्याशियों को मौके पर बुलाकर दुरुस्त करवाया गया। एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नामांकन फार्म ले सकते हैं। उसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
- चार प्रत्याशी पहुुंचे खामियां ठीक करने
मंगलवार सुबह 11 से दोपहर बाद तक चली नामांकन फार्मों की छंटनी प्रक्रिया में चार प्रत्याशियों के फार्म में हल्की गड़बड़ी मिली। टीम ने तत्काल उन प्रत्याशियों को सूचित किया। चारों प्रत्याशी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और खामियों को दुरुस्त कर पार्षद पद की दौड़ में बने रहे।
- कुर्सी, छतरी और साइकिल के चुनाव चिह्न की अधिक मांग
नामांकन फार्म में प्रत्याशियों ने चुनाव चिह्न को लेकर अपनी इच्छा भी जाहिर की है। नामांकन फार्मों की जांच करने वाली टीम में शामिल दो कर्मचारियों ने बताया कि ज्यादातर प्रत्याशी कुर्सी, साइकिल व छतरी का चुनाव चिह्न लेने के इच्छुक हैं। ऐसे में ज्यादा प्रत्याशियों को ड्रॉ के जरिये चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
- 19 को 45 बूथों पर होगा मतदान
निकाय चुनाव के लिए 19 जून को मतदान होगा। इस बार मतदान 45 बूथों पर होगा जबकि पिछली दफा 42 बूथों पर मतदान हुआ था। मतदान के जरिये 42,635 मतदाता शहर की सरकार चुनेंगे। इनमें 22,238 पुरुष और 20,396 महिला मतदाता हैं। चेयरमैन प्रत्याशियों की उन वार्डों पर विशेष नजर है जिनमें मतदाता संख्या अधिक हैं।
- प्रत्याशियों ने शुरू किया प्रचार, झोंकी पूरी ताकत
नामांकन प्रक्रिया का दूसरा चरण (छंटनी) सोमवार को पूरा हो गया है और अब फार्म वापस लेने व चुनाव चिह्न आवंटित करने का तीसरा चरण मंगलवार को होगा। दूसरी ओर प्रत्याशियों ने चुनाव के मद्देनजर प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कोई अपने सामाजिक कार्यों का हवाला देकर वोट मांग रहा है तो कोई विकास को अपना मुद्दा बनाए हुए है।
पार्षद पद के लिए आए 75 और चेयरमैन पद के लिए आए 12 प्रत्याशियों के नामांकन फार्म सही पाए गए हैं। मंगलवार को दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशी नामांकन फार्म वापस ले सकते हैं। उसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
अनिल यादव, एसडीएम, चरखी दादरी