चरखी दादरी। गंगानगर-रेवाड़ी की बजाय दिल्ली-गंगानगर और मेरठ-गंगानगर रूट करने के बाद से ही ट्रेन निर्धारित समय से देरी पर दादरी रेलवे स्टेशन पर पहुंच रही है। शनिवार को लगातार पांचवें दिन भी ट्रेन देरी से पहुंची, जिसके चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को यह ट्रेन जहां छह घंटे लेट थी तो शनिवार को एक घंटा देरी से प्लेटफार्म पर पहुंची। वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन पीछे से ही लेट चल रही है।
बता दें कि गंगानगर-रेवाड़ी ट्रेन के रूट का गत मंगलवार को ही विस्तार किया गया है। जाते समय ट्रेन का रूट गंगानगर-दिल्ली किया गया है जबकि आते समय मेरठ-गंगानगर है। मंगलवार के बाद से ही यह ट्रेन लेट चल रही है। पहले दो दिन जहां ट्रेन 40 मिनट की देरी से पहुंची तो चौथे दिन छह घंटे और पांचवें दिन एक घंटा लेट रही।
ट्रेन निर्धारित समय से लेट पहुंचने के चलते करीब 350 दैनिक यात्री परेशान हैं। ये यात्री मजबूरीवश बसों में अपने गंतव्य पर पहुंच रहे हैं। इन यात्रियों का कहना कि रूट बढ़ाने के बाद से ही ट्रेन लगातार लेट हो रही है और इसके चलते उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्टेशन अधीक्षक अभिनंदन कुमार का कहना है कि ट्रेन पीछे से ही लेट होती है और इस मसले पर वो कुछ नहीं कह सकते।