चरखी दादरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वीरवार को सोनी धर्मशाला में खंड स्तरीय सर्वोत्तम माता पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभाग की कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण ने बताया कि कार्यक्रम में चयन समिति के सदस्य के रूप में सीडब्लूपी चेयरपर्सन शिल्पी मड़िया व जिला कल्याण अधिकारी दीपिका सारसर ने शिरकत की। इस दौरान सर्कल व खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली महिलाओं को नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रश्रोत्तरी के माध्यम से माताओं का चयन किया गया, जिसमें सर्वश्रेष्ठ जवाब देने वाली माताओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बाढड़ा खंड से लाडावास निवासी मधु प्रथम, गोपी निवासी सोमवति द्वितीय व बेरला निवासी प्रियंका तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार बौंद खंड से सांजरवास निवासी पूनम प्रथम, इमलोटा निवासी राखी द्वितीय व कोल्हावास निवासी सोना तृतीय स्थान पर रही। दादरी खंड से गांव बिरही कलां निवासी कविता, कलियाणा निवासी कविता व डाढ़ी बाना निवासी ज्योति तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में सर्कल स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली महिलाओं को क्रमश: दो हजार, 1200 व 800 रुपये और खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली महिलाओं को क्रमश चार हजार, तीन हजार व दो हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाता है।
आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना के लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के तहत समय पर आवेदन करने वाली प्रत्येक खंड की तीन-तीन बेटियों को भी सम्मानित किया। इस योजना के तहत बेटियों को शिक्षा देने व सशक्त बनाने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारन ने कहा कि योजना का उद्देश्य राज्य में बालिकाओं के जन्म के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में परिवर्तन लाना, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना, लिंगानुपात में सुधार तथा बालिकाओं को शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करना है।
योजना का लाभ लेने के लिए यूं करे आवेदन
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए लाभार्थी लड़की के जन्म प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति, परिवार पहचान पत्र संख्या, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (केवल अनुसूचित जातियों के लिए आवश्यक है) आदि दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए बेटी के जन्म के एक साल के अंदर आवेदन किया जा सकता है।