बौंदकलां। केवाईसी वेरिफाई करवाने के नाम पर एक बैंक उपभोक्ता से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार हैकर्स ने उसे 50 हजार की चपत लगाई है। सांवड़ निवासी पीड़ित की शिकायत पर बौंदकलां थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पन्नालाल शर्मा ने बताया कि उसके मोबाइल पर केवाईसी से जुड़े एक लिंक का मैसेज आया था। उसने वेरिफाई करने के लिए लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से दो ट्रांजेक्शन के जरिये अज्ञात ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। पन्नालाल शर्मा ने बताया कि एक ट्रांजेक्शन 49 हजार की तो दूसरी एक हजार रुपये की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद वह बैंक पहुंचा और अधिकारियों की इसकी जानकारी दी। उसने बताया कि अब उसने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। बौंदकलां थाना पुलिस ने इस संबंध में धारा 379 और 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।