चरखी दादरी। स्वतंत्रता दिवस पर बलिदान स्मारक स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान कोरोना गाइडलाइन का ख्याल रखते हुए आमंत्रित अतिथि और प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। समारोह को लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए टीमों का चयन नौ अगस्त को किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभाग अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नगरधीश अमित मान ने अधिकारियों से कहा कि समारोह स्थल पर साफ सफाई, बैठने की व्यवस्था, प्रतिभागी बच्चों के लिए उचित स्थान आदि सभी प्रकार की तैयारियां पहले से ही कर ली जाएं। स्वतंत्रता दिवस समारोह जनता कालेज के बलिदान स्मारक स्टेडियम में 15 को प्रात: 8.58 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। इससे पहले 13 अगस्त को सुबह 8.58 बजे ही समारोह कर अंतिम पूर्वाभ्यास होगा। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएंगी, जिनका चयन करने के लिए एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी 9 अगस्त को प्रात: 9 बजे घिकाड़ा रोड़ स्थित केएन स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम की टीम में 20 से 35 तक प्रतिभागी हो सकते हैं।
परेड और पीटी शो का किया जाएगा प्रदर्शन
नगराधीश ने कहा कि समारोह के आयोजन में काफी समय बचा हुआ है, जिससे सभी विभागों को तैयारी करने के लिए पूरा समय है। इससे सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड और पी.टी आदि की तैयारी भी अच्छी प्रकारसे की जा सकेगी। मार्च पास्ट और पीटी का अभ्यास भी शुरू कर दिया जाए।