चरखी दादरी। चंपापुरी स्थित फाइनेंस कंपनी का एक कर्मचारी संदिग्ध हालत में लापता हो गया। भिवानी जिले के खरक कलां निवासी कर्मचारी की बाइक दादरी रेलवे स्टेशन पर जबकि बैग भिवानी रेलवे स्टेशन पर मिला है। कर्मचारी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि वो उगाही करने गया था।
शिकायतकर्ता रामपाल ने बताया कि उसका बेटा कर्मबीर दादरी के चंपापुरी स्थित आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। 17 मई को वह घर से कंपनी के लिए निकला था। शाम को कंपनी के कर्मचारी ने फोन कर बताया कि कर्मबीर चंपापुरी में पैसे इकट्ठे करने के लिए गया था और कंपनी में नहीं लौटा है। उसका फोन भी बंद आ रहा है।
रामपाल ने बताया कि कंपनी ब्रांच मैनेजर भारती बोदलिया से बातचीत हुई तो उन्होंने बताया कि कर्मबीर की बाइक दादरी रेलवे स्टेशन से और बैग व पर्स भिवानी रेलवे स्टेशन पर मिले हैं। रामपाल ने पुलिस को शिकायत देकर बेटे को बरामद करवाने की गुहार लगाई है।
दुकान पर लस्सी लेने गई युवती हुई लापता
चरखी दादरी। दुकान पर लस्सी लेने गई शहर निवासी एक युवती संदिग्ध हालत में लापता हो गई। उसकी मां की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी 21 वर्षीय बेटी गत 16 मई को घर से लस्सी लेने के लिए पास की दुकान पर गई थी। लेकिन अभी तक घर नहीं लौटी। उन्होंने हर संभव जगह तलाश की, लेकिन युवती को कोई सुराग नहीं लगा। अब उन्होंने पुलिस से युवती को बरामद कराने की गुहार लगाई है।
कोचिंग सेंटर आई युवती नहीं लौटी घर
झोझूकलां। खंड के एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवती शहर में कोचिंग लेने के लिए आई थी, लेकिन वापस घर नहीं पहुंची। युवती के पिता ने बताया कि उसकी बेटी प्रतिदिन दादरी एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी। 15 मई को वह दादरी जाने के लिए घर से रवाना हुई थी। युवती के देर रात तक घर न लौटने पर उन्होंने अपने स्तर पर जांच की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। झोझूकलां थाना पुलिस ने परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर युवती की जांच शुरू कर दी है।